ग्रामीण सड़कों को 189 करोड़ मंजूर

By: Aug 17th, 2017 12:02 am

प्रदेश की 63 परियोजनाओं के लिए नाबार्ड ने भरी हामी

शिमला— नाबार्ड यानी राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक ने हिमाचल को सड़कों के लिए 189 करोड़ की राशि मंजूर की है। यह राशि कुल 63 परियोजनाओं के लिए स्वीकृत की गई हैं। इससे राज्य के ग्रामीण इलाकों में सड़क सुविधाओं का विस्तार होगा। हिमाचल में सड़कों के लिए इस बार राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक ने 189.39 करोड़ रुपए की बड़ी राशि मंजूर की है। लोक निर्माण विभाग ने  सरकार के माध्यम से इस बारे में एक प्रस्ताव नाबार्ड को भेजा था। इस प्रस्ताव को नाबार्ड ने स्वीकृत कर लिया है और इस बारे में हिमाचल सरकार को भी अवगत करवा दिया है। नाबर्ड की ओर से मंजूर कुल 189.39 करोड़ की राशि में से 21.04 करोड़ का हिस्सा हिमाचल सरकार को वहन करना होगा। यह राशि वर्ष 2017-18 के लिए जारी की गई है। नाबार्ड ने कुल 63 परियोजनाओं  के लिए यह राशि स्वीकृत की है, जिनमें 53 सड़कें के लिए 166.60 करोड़ और 10 पुलों के लिए 22.79 करोड़ की राशि प्रदान की गई है। इससे राज्य के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का निर्माण होगा और कई सड़कों को अपग्रेड किया जाएगा। इससे ग्रामीण इलाकों को बेहतर सड़क सुविधाएं मिलेंगी। यह पहली दफा नहीं है कि नाबार्ड ने हिमाचल को राशि मंजूर की है। नाबार्ड बीते कई सालों से हिमाचल को धनराशि ग्रामीण सड़कों के लिए देता आया है। बीते पांच सालों से ही हिमाचल को करोड़ों की राशि नाबार्ड मंजूर कर चुका है। वहीं साल 2016-17 के लिए नाबार्ड ने   250.42 करोड़ रुपए की राशि 53 परियोजनाओं के लिए जारी की थी। हालांकि इस वित्तीय वर्ष में हिमाचल को 63 परियोजनाओं के लिए यह राशि मंजूर की गई है। उल्लेखनीय है कि नाबार्ड कृषि के अलावा ग्रामीण इलाकों में सड़क सुविधाओं के विस्तार के लिए  वित्तीय मदद प्रदान करता है। इसके तहत मात्र दस फीसदी राशि राज्य सरकारों को वहन करनी पड़ती है।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App