ठियोग में अध्यक्ष पद पर विवाद

By: Aug 22nd, 2017 12:05 am

ठियोग  —  ठियोग भाजपा युवा मोर्चा को लेकर चल रहे विवाद को लेकर ठियोग भाजपा मंडल के अध्यक्ष दीपराम वर्मा ने सोमवार को विश्राम गृह ठियोग में पत्रकारों से बातचीत में कहा है कि मंडल की ओर से युवा मोर्चा के अध्यक्ष को न तो हटाया गया है और न ही किसी नए व्यक्ति की नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि पिछले महीने 26 तारीख को ठियोग में हुई भाजपा मंडल की मासिक बैठक में एक प्रस्ताव भी पारित किया गया था, जिसमें युवा मोर्चा के अध्यक्ष कमलेश शर्मा के कार्य पर संतोष जाहिर किया गया था। ठियोग भाजपा मंडल के अध्यक्ष दीपराम वर्मा ने पूर्व विधायक राकेश वर्मा तथा मंडल के अन्य पदाधिकारियों में मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत प्रकाश वर्मा, अमर सिंह वर्मा, कार्यालय सचिव राजेंद्र शर्मा, प्रदेश युवा कार्यकारिणी सदस्य सतविंदर सिंह, अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष दिलाराम मेहता की उपस्थिति में कहा कि युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष की ओर से उन्हें कार्यकारी अध्यक्ष का नियुक्ति पत्र जरूर दिया गया था, लेकिन इसमें मंडल की किसी प्रकार की सहमति नहीं ली गई थी। इस तरह से ठियोग में भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष पद को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। एक ओर, जहां जिला महासू के अध्यक्ष अशोक कंवर ने ठियोग में युवा मोर्चा के अध्यक्ष कमलेश शर्मा को हटाकर राकेश वर्मा की नियुक्ति की है, वहीं दूसरी ओर ठियोग का भाजपा मंडल यह कह रहा है कि युवा मोर्चा के अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर मंडल की कोई सहमति नहीं ली गई और उन्होंने न तो किसी को हटाया है और न किसी नए व्यक्ति की युवा मोर्चा में नियुक्ति की है। उधर, कमलेश शर्मा से जब पद से हटाने को लेकर पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें हटाए जाने को लेकर किसी ने लिखित में कोई जानकारी नहीं दी है। उन्होंने कहा कि सोलन में होने वाली युवा मोर्चा की रैली को लेकर भी ठियोग में युवा मेर्चा के अध्यक्ष के नाते प्रदेश की ओर से उन्हें ही काल आई थी और रैली में अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं को ले जाने के निर्देश प्राप्त हुए हैं, जिसकी तैयारियों को लेकर सोमवार को ठियोग में बैठक भी आयोजित की गई है।  उधर, जब इस विवाद को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विशाल चौहान से बात की गई तो उन्होंने बताया कि उन्हें अभी तक इसकी कोई जानकारी नहीं है वो सोलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष के आने की तैयारियों में व्यस्त हैं। उसके बाद छानबीन करने के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ बता पाएंगे।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App