दस पंचायतों के महिला मंडल नवाजे

By: Aug 6th, 2017 12:05 am

शिमला ग्रामीण की उपतहसील जलोग में आयोजित महिला सम्मेलन में किया सम्मानित

सुन्नी— शिमला ग्रामीण विकास खंड की उपतहसील जलोग में शनिवार को महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें विकास खंड बसंतपुर के परगना सराज की दस पंचायतों के महिला मंडलों को सम्मानित किया गया। महिला मंडलों को प्रोत्साहन राशि विधायक क्षेत्र विकास निधि के अंतर्गत वितरित की गई। इसमें प्रत्येक महिला मंडलों को 20 हजार रुपए के चैक प्रदान किए गए। इस अवसर पर रेडक्रॉस समिति की उपाध्यक्ष प्रतिभा सिंह बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहीं। ग्रामीण विकास के तहत विकास खंड बसंतपुर  की ओर से आयोजित किए गए कार्यक्रम में 64 महिला मंडलों को प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष विक्रमादित्य भी विशेष तौर पर उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपस्थित सैकड़ों महिला प्रतिभागियों को कहा कि प्रदेश में एक समय ऐसा था जब महिलाएं केवल चूल्हे-चौके तक ही सीमित थीं। राजनीतिक, सामाजिक एवं खेलकूद गतिविधियों में महिलाओं की भागीदारी नहीं थी। कांग्रेस पार्टी ने न केवल प्रदेश का चहुंमुखी विकास किया, बल्कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए भी अनेक प्रकार की योजनाएं चलाई, जिसके लिए छह बार मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए वीरभद्र सिंह को इसका श्रेय जाता है। पंचायतीराज में महिलाओँ की भागीदारी को भी कांग्रेस पार्टी ने ही सुनिश्चित किया। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने पंचायतीराज में महिलाओं को आरक्षण प्रदान करके आगे बढ़ने का मौका दिया है। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में ही महिलाओं के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं चलाई गई हैं। इस अवसर पर युकां अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं के लिए कल्याणकारी योजनाएं चलाई गई हैं, जिस कारण ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएं सशक्त हुई हैं। ऐसे कार्यक्रमों से महिलाओं का मनोबल बढ़ता है। इस अवसर पर  उन्होंने सराज क्षेत्र में वर्तमान सरकार द्वारा की गई उपलब्धियों का बखान किया और कहा कि अभी तक यह क्षेत्र उपेक्षित रहा। इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष धर्मिला हरनोट, कुसुम वर्मा, चंद्रशेखर, ब्लॉककांग्रेस प्रवक्ता देवेंद्र कंवर, प्रदेश संगठन महामंत्री सेवादल अजय शर्मा, हरिकृष्ण हिमराल, कमला वर्मा प्रदीप वर्मा विभिन्न पंचायतों के पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस अवसर पर प्रतिभा सिंह ने लोगों से विक्रमादित्य को चुनाव में समर्थन का आग्रह किया है। हालांकि उन्होंने साथ ही कहा कि टिकट का वितरण हाई कमान ही करेगा।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App