रिकांगपिओ में फूंका सीएम का पुतला

By: Aug 11th, 2017 12:05 am

रिकांगपिओ — जिला मुख्यालय रिकांगपिओ में गुरुवार को रामलीला मैदान से लेकर बाजार में भाजपा युवा मोर्चा किन्नौर ने कांग्रेस सरकार के विरुद्ध आक्रोश रैली निकाली। आक्रोश रैली के दौरान भाजपा युवा मोर्चा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री व विधासभा उपाध्यक्ष के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। भाजपा युवा मोर्चा की रैली ने रिकांगपिओ के देवराज नेगी चौक पर आकर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का पुतला फूंका व प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रैली के पश्चात प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा महामंत्री अरुण फाल्टा, प्रदेश भाजयुमो मुख्य प्रवक्ता विजय गुप्ता, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष सुनील नेगी सहित कई अन्य पदाधिकारियों ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बेरोजगारी भत्ते के नाम पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं के साथ ठगी का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान प्रदेश के केवल खनन माफिया व अपने चहेतों को फायदा पहुंचाने के अलावा कुछ नहीं किया है। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। हिमाचल प्रदेश के अंदर जंगल राज चला हुआ है। प्रदेश के अंदर महिलाओं व बच्चे प्रदेश सरकार की कानून व्यवस्था की हालत से आज पूरी तरह से असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश का युवा वर्ग अब इनकी ठगी से हताश हो चुका है। इसलिए प्रदेश की सरकार के खिलाफ प्रदेश भर के युवा सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर हो गए हैं। प्रदेश के युवा इस छल का जवाब आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को देंगे।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App