सिक्किम-अरुणाचल सीमा पर बढ़ी सेना की तैनाती

By: Aug 12th, 2017 12:02 am

नई दिल्ली— डोकलाम पर जारी विवाद के बीच भारत ने एक रणनीतिक कदम उठाते हुए चीन से सटे सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश की सीमा पर सैनिकों की संख्या बढ़ा दी है। सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी है। डोकलाम पर चीन द्वारा रोजाना दी जा रही युद्ध की धमकी के बीच भारत के इस कदम को बेहद अहम माना जा रहा है।  अधिकारियों ने बताया कि सेना में खतरे का स्तर भी बढ़ा दिया गया है। डोकलाम पर चीन का भारत के प्रति उग्र रुख को देखते हुए स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई और सिक्किम से अरुणाचल तक चीन से लगने वाली 1400 किलोमीटर लंबी सीमा पर जवानों की संख्या बढ़ाने का फैसला किया गया। अधिकारियों ने नाम नहीं बताने की शर्त पर बताया कि सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में जवानों की संख्या बढ़ा दी गई है। सेना की सुकना बेस 33 कॉर्प के अलावा अरुणाचल और असम में स्थित तीन और चार कॉर्प बेस को संवेदनशील भारत-चीन सीमा की निगरानी का जिम्मा सौंपा गया है। अधिकारियों ने हालांकि जवानों की संख्या आदि के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। सुरक्षा विशेषज्ञों के अनुसार सीमा के पास करीब 45 हजार जवानों को पर्यावरण के अनुकूल प्रक्रिया के तहत हमेशा तैयार रखा जाता है। हालांकि, इन सभी को सीमा पर तैनात नहीं किया जाता है।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं ? भारत मैट्रीमोनी में निःशुल्क रजिस्टर करें !


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App