आज कुछ क्षेत्रों में बारिश

By: Sep 20th, 2017 12:01 am

विभाग का पूर्वानुमान, 24 तक खराब रहेगा मौसम का मिजाज

शिमला- प्रदेश के मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बुधवार को फिर से एक-दो स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होगी। राज्य के मैदानी व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम 22 सितंबर से करवट लेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत समूचे राज्य में 24 सितंबर तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान 23 सितंबर को राज्य के मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में अनेक स्थानों पर बारिश की उम्मीदें जताई जा रही है। मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 25 सितंबर को भी मौसम खराब रहेगा। मैदानी व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 25 सितंबर को मौसम शुष्क बना रहेगा। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क बना रहा और मंगलवार को भी राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहा। शिमला व सोलन को छोड़कर शेष हिमाचल के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ऊना के तापमान में सबसे अधिक 1.2 डिग्री का उछाल आया है। ऊना का पारा 37.0 डिग्री से पार हो गया है। ऊना के अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। इसके अलावा मंडी, सुंदरनगर, भुंतर, बिलासपुर, हमीरपुर चंबा, कांगड़ा और नाहन का पारा भी 30 डिग्री से पार हो गया है। राजधानी शिमला के अधिकतम तापमान 25.1, सुंदरनगर में 32.4, भुंतर में 33.5, कल्पा में 23.2, धर्मशाला में 28.8, ऊना में 37.2, नाहन में 31.5, सोलन में 28.5, कांगड़ा में 32.6 और हमीरपुर में 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य के मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बुधवार से एक दो स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होगी। मैदानी व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 22 सितंबर से मौसम करवट लेगा। राज्य भर में 24 सितंबर तक मौसम खराब बना रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App