आज से कूडे़ की टेंशन खत्म

By: Sep 4th, 2017 12:05 am

शिमला —  सैहब सोसायटी कर्मचारियों की हड़ताल रविवार को समाप्त हो गई है जिसके चलते आज शहर से डोर-टू -डोर गारबेज कलेक्शन योजना के तहत घरों से कूड़ा उठेगा। ऐसे में हड़ताल के चलते मुसीबतें झेल रही जनता को दिक्कतों से राहत मिलेगी।  रविवार को सैहब सोसायटी कर्मचारी यूनियन की बैठक नगर निगम आयुक्त जी सी नेगी से हुई। इस बैठक में निगम आयुक्त जीसी नेगी कर्मचारी यूनियन को सभी मांगों एजीएम में रखने का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद यूनियन के पदाधिकारियों ने हड़ताल को वापस लेकर सोमवार से कार्य पर लौटने का फैसला लिया है। बतातें चले कि सैहब कर्मचारी न्यूनतम वेतन साढ़े दस हजार की मांग पर पांच दिन के सामूहिक अवकाश पर चले गए थे। सैहब कर्मचारियों ने मांगों को लेकर पहली सितंबर से ही घरों से कूड़ा उठाना बंद कर दिया था। घरों से कूड़ा न उठने के चलते घरों में कूड़े के ढेर लगने शुरू हो गए थे। ऐसे में बरसात के मौसम में घरों से कूड़ा न उठने पर जनता को मुसीबतें झेलनी पड़ रही थीं। हालांकि नगर निगम प्रशासन द्वारा जनता की सुविधा के लिए शहर में 181 कलेक्शन प्वाइंट निर्धारित कर कूड़ा उठाया जा रहा था, मगर इसके बावजूद जनता को समस्याएं झेलनी पड़ रही थीं। सैहब सोसायटी कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष जसवंत सिंह ने बताया कि निगम आयुक्त ने कर्मचारियों की सभी मांगों को एजीएम की बैठक में रखने का आश्वासन दिया है, जिस पर हड़ताल को वापस लिया गया है।

11 सितंबर को होगी एजीएम

एजीएम 11 सितंबर को आयोजित होगी। इसमें निगम कर्मचारियों की मांगों पर चर्चा होगी। यूनियन के अध्यक्ष जसवंत सिंह ने बताय कि अगर 11 सितंबर को एजीएम में उनकी मांगे पूरी नहीं होती हैं, तो सैहब कर्मचारी 12 सितंबर से फिर सामूहिक हड़ताल पर चले जाएंगे।

रविवार को भी नहीं उठा घरों से कूड़ा

सैहब कर्मचारियों की हड़ताल के चलते रविवार को भी घरों से कूड़ा नहीं उठ पाया, मगर हड़ताल खत्म होने के बाद दिक्कतें झेल रहे लोगों ने राहत की सांस लेनी शुरू कर दी है।

अभद्र व्यवहार को किया माफ

यूनियन के प्रधान जसवंत सिंह ने कहा कि शहर की जनता की दिक्कतों को देखते हुए यूनियन ने महापौर द्वारा सैहब कर्मचारियों के साथ किए गए अभद्र व्यवहार को माफ किया है, मगर अपने हकों की लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं कर दी जाती हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App