ऊना-कुटलैहड़ में चप्पे-चप्पे पर कांग्रेस…प्रत्याशी

By: Sep 27th, 2017 12:07 am

newsऊना – जिला ऊना के तीन विस क्षेत्रों में कांग्रेस वर्कर्ज की नब्ज टटोलने आए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी व राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव सुशील कुमार शिंदे के समक्ष कांग्रेस नेताओं ने टिकट के लिए जबरदस्त शक्ति प्रदर्शन किया। ऊना व कुटलैहड़ विस क्षेत्रों में टिकटार्थियों की फौज खड़ी नजर आई, तो दूसरी तरफ चिंतपूर्णी विस क्षेत्र में भी मौजूदा विधायक कुलदीप कुमार को चुनौती देते हुए कांग्रेस के पूर्व महासचिव ने भी अपनी दावेदारी जता दी। सुशील कुमार शिंदे के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री, पूर्व राष्ट्रीय कांग्रेस सचिव राकेश कालिया, विधायक कुलदीप कुमार तथा जिला कांग्रेस प्रधान विरेंद्र धर्माणी भी मौजूद थे। अपने-अपने नेताओं के समर्थन में जोरदार नारेबाजी के बीच कार्यकर्ताओं में हल्की-फुल्की तकरार भी हुई। ऊना रैली स्थल पर करीब 20 मिन्ट तक कार्यकर्ताओं की परस्पर नारेबाजी के चलते कार्यक्रम शुरू नहीं हो पाया तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू को हस्तक्षेप करते हुए अनुशासन का चाबुक दिखाने पर ही कार्यकर्ता शांत हुए। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी का स्वागत करने व अपनी ताकत दिखाने के लिए कांग्रेस नेताओं में होड़ लगी रही। ऊना विस क्षेत्र में आधा दर्जन नेताओं ने अलग-अलग स्थानों पर पार्टी प्रभारी सुशील कुमार शिंदे का स्वागत किया। ऊना विस क्षेत्र से टिकट की चाह पाले युवा नेता ईशान ओहरी ने अजौली मोड़ पर अपने समर्थकों के साथ सुशील शिंदे का स्वागत किया। इसके बाद मैहतपुर प्रवेश द्वार पर पीसीसी सदस्य सतपाल रायजादा ने अपने लाव-लश्कर के साथ जोरदार स्वागत कर वजूद का प्रदर्शन किया। बहडाला में कांगड़ा बैंक के निदेशक राजीव गौतम ने अपने समर्थकों के साथ पार्टी प्रभारी का स्वागत किया। जबकि रक्कड़ कालोनी में आरटीए मैंबर दीपक लट्ठ ने सुशील शिंदे का जोरदार स्वागत किया। ऊना मुख्यालय पर मार्किट कमेटी के अध्यक्ष व पार्षद शिव कुमार सैणी ने सत्संग हाल के पास कांग्रेस नेताओं का स्वागत किया। ऊना वर्कशॉप के पास प्रदेश एनएसयूआई के अध्यक्ष व जिला परिषद सदस्य करुण शर्मा ने अपने समर्थकों के हजूम के साथ सुशील शिंदे का भव्य स्वागत कर ताकत दिखाई। वहीं, कुटलैहड़ विस क्षेत्र में भी नेताओं ने अपनी दावेदारी जताते हुए प्रदेश प्रभारी के समक्ष शक्ति प्रदर्शन किया। पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कुटलैहड़ देसराज गौतम ने हमीरपुर मार्ग पर डीआरजी कांप्लेक्स के समक्ष समर्थकों के साथ प्रभारी का स्वागत किया। जबकि ओबीसी कोटे से टिकट मांग रहे पूर्व विधायक गणेश दत्त भरवाल व उनकी पत्नि जिला परिषद अध्यक्ष सोमा देवी भरवाल ने क्षेत्रीय अस्पताल के समीप समर्थकों के साथ सुशील शिंदे का स्वागत किया। रेलवे स्टेशन के समीप कुटलैहड़ कांग्रेस नेता अरुण पटियाल व देसराज मोदगिल ने शिंदे का स्वागत किया,तो कोटला कलां में बाबा बाल जी गेट के पास प्रदेश कांग्रेस सचिव विवेक शर्मा विक्कु व पूर्व विस उपाध्यक्ष रामनाथ शर्मा ने पार्टी प्रभारी का ढोल-नगाड़ो से स्वागत किया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र फौजी, रूमेल धीमान, बलदेव कुटलैहडि़या, महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिल शर्मा ने भी सलूजा फार्म मे अपने समर्थकों के साथ पहुंच दावेदारी जताई। जबकि सदाशिव मंदिर कमेटी प्रधान प्रवीण शर्मा ने अपने क्षेत्र में पार्टी प्रभारी का स्वागत किया।  चिंतपूर्णी विस क्षेत्र में भी टिकट की चाह में पूर्व कांग्रेस महासयिव बलविंद्र बंटू ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए प्रदेश प्रभारी का जोरदार स्वागत किया।

ऊना में कांग्रेस ब्रिगेड ने किया स्वागत

ऊना- भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ब्रिगेड की तारफ से प्रदेश प्रभारी सुशील कुमार शिंदे का ऊना पहुंचने पर स्वागत किया। ब्रिगेड के उपाध्यक्ष कर्ण भारद्वाज ने बताया कि राजा वीरभद्र सिंह ने हिमाचल प्रदेश में हर जगह बराबर बिना किसी भेदभाव से विकास किया है। अगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी जीत दर्ज करेगी और वीरभद्र सिं के नेतृत्व में सरकार बनाएगी।

देशराज गौतम ने फूलमालाओं से लादे शिंदे

newsऊना- कुटलैहड़ ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व खादी बोर्ड के पूर्व जोनल अध्यक्ष देसराज गौतम ने मंगलवार को हमीरपुर मार्ग पर डीआरजी कांप्लेक्स के पास प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुशील कुमार शिंदे का भव्य स्वागत किया। देसराज गौतम ने अपने समर्थकों के साथ प्रदेश प्रभारी का बैंड-बाजों के साथ स्वागत करते हुए उन्हें फूलमालाओं से लाद दिया। इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी,युवा कांग्रेस व अन्य फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ता भी उपस्थित थे


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App