एलईडी पर चुनाव प्रचार

By: Sep 11th, 2017 12:05 am

चंबा  —  प्रदेश में विधानसभा चुनावों की घोषणा से पहले प्रचार के लिए डिजिटल माध्यम बड़ा हथियार बन गया है। चुनावों की घोषणा से पहले ही चरम पर पहुंचे प्रचार के दौरान डिजिटल माध्यमों से बीजेपी मोदी की तो प्रदेश कांग्रेस मुख्यमंत्री की उपब्धियों को जनता तक पहुंचा रही है। इतना ही नहीं मंत्रियों एवं विधायकों ने भी प्रचार के लिए हाइटैक प्रचार को तरजीह दी है। इन दिनों प्रदेश के सभी हलकों में मंत्रियों एवं विधायकों की गाड़ी विभिन्न स्थानों पर पहुंच कर लोगों को उनके द्वारा हलके में पांच साल के दौरान किए गए विकास कार्यों को गिना रहे हैं। डिजिटल माध्यमों किए जा रहे प्रचार में विकास की गाथा के साथ लोगों को उन कार्यों की विडियों क्लिपिंग भी दिखाई जा रही है, जो उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान किए हैं। भाजपा की पथ यात्रा का पहिया प्रदेश में घूमा तो दुगर्म क्षेत्रों में बसने वाले अशिक्षित लोगों को मोदी सरकार की उपब्धियां आंखों के सामने दिखाई गई। जबाव में कांग्रेस ने भी डिजिटल प्रचार का बीड़ा उठाया तो मुख्यमंत्री के विकास की गाथा लोगों को सुनाई एवं दिखाई जाने लगी। वहीं मंत्रियों एवं विधायकों ने भी प्रचार के लिए हाइटैक सुविधा से लैस गाडि़यां हलके में रवाना कर दी। इन गाडि़यों में एक बड़ी स्क्रीप (एलईडी) लगी है। गाड़ी के चारो तरफ विधायक की तस्वीर के साथ जीत के स्लोगन लिखे गए हैं।  जब गाडि़यां सड़क पर दौड़ती हैं विकास के गीत गाए जाते हैं और मुख्य स्थान पर पहुंच कर एलईडी स्क्रीन से लोगों को उपब्धियों के साथ एजेंडा भी दिखाया जाता है। इस सब के बाद अब सभी की नजरें विधानसभा चुनावों की घोषणा पर टिकी हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App