कनिष्ठ सहायक परीक्षा में छाए सिरमौर के युवा

By: Sep 19th, 2017 12:05 am

नाहन- भले ही विकास के मामले में जिला सिरमौर प्रदेश भर में 11वें पायदान पर है, लेकिन हाल ही में हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर द्वारा घोषित किए गए कनिष्ठ सहायक के परीक्षा परिणाम में जिला सिरमौर के युवाओं ने अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है। अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड की कनिष्ठ सहायक की परीक्षा में जिला सिरमौर के 216 छात्रों ने परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रदेश भर में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। बोर्ड द्वारा घोषित किए परिणाम में सबसे अधिक मंडी जिला के 332 युवाओं ने कनिष्ठ सहायक की परीक्षा पास कर पहला स्थान, जबकि सिरमौर के 216 छात्रों ने परीक्षा पास कर दूसरा स्थान तथा शिमला जिला के 206 युवाओं ने परीक्षा उत्तीर्ण कर तीसरा स्थान अर्जित किया है। प्रदेश में विकास के मामले में अग्रणी कहे जाने वाले जिला हमीरपुर, सोलन, ऊना व कांगड़ा जिला के युवा इस प्रतियोगी परीक्षा में पिछड़ गए हैं। हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड की परीक्षा करीब 1400 से अधिक छात्रों ने पास की है, जिन्हें अब नियुक्ति का इंतजार है। बताते हैं कि विकास के मामले में पिछड़ रहे जिला सिरमौर के युवा अब आगे आ रहे हैं। गौर हो कि इस वर्ष के शुरू में व गत वर्ष जिला सिरमौर के करीब एक दर्जन युवाआें ने एचएएस, एचपीएस व अन्य एलाईड सर्विसिज में पास कर जिला का नाम रोशन किया है। यही नहीं जिला सिरमौर की बेटियों ने भी प्रतियोती परीक्षाएं उत्तीर्ण कर बेटी है अनमोल के मायने सार्थक किए हैं। जिला मुख्यालय नाहन स्थित हिमाचल इंस्टीच्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड एजुकेशन एचआईटीई के करीब 53 युवाओं ने कनिष्ठ सहायक की परीक्षा उत्तीर्ण की है। एचआईटीई के निदेशक पंकज जसवाल ने बताया कि हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड हमीरपुर द्वारा घोषित किए गए कनिष्ठ सहायक के अंतिम परिणाम में इंस्टीच्यूट के 53 से अधिक युवाओं ने परीक्षा पास की है।

जिलावार कनिष्ठ सहायकों की सूची

जिला                 उत्तीर्ण युवा

मंडी                   332

सिरमौर                 216

शिमला                 206

कांगड़ा                 196

हमीरपुर                107

कुल्लू                    91

बिलासपुर               82

चंबा                    76

सोलन                  53

ऊना                    21

किन्नौर                  16

लाहुल-स्पीति           04


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App