कांग्रेस को देना होगा हर आंसू का हिसाब

By: Sep 21st, 2017 12:05 am

गगरेट  —  भारतीय जनता युवा मोर्चा मंडल गगरेट के अध्यक्ष अजय ठाकुर ने कहा कि 22 सितंबर को कांगड़ा में आयोजित युवा हुंकार रैली प्रदेश कांग्रेस सरकार के कफन में आखिरी कील साबित होगी। इस रैली के बाद कांग्रेस सरकार के तंबू उखड़ना निश्चित है। जिस प्रकार इस युवा विरोधी सरकार ने युवा वर्ग को खून के आंसू रुलाए हैं, उसका हिसाब आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशियों को देना ही होगा।  बुधवार को भंजाल गांव में आयोजित एक बैठक में अजय ठाकुर ने कहा कि इस युवा विरोधी सरकार ने किस प्रकार युवाओं को रोजगार से मरहूम रखा इसका स्पष्ट उदाहरण जिले से उद्योग मंत्री होने के बावजूद गगरेट क्षेत्र में पिछले पांच साल में एक उद्योग तक स्थापित नहीं करवा पाए। यही नहीं बल्कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में यहां के लिए स्वीकृत इंडियन आयल का डिपो अगर इस क्षेत्र में स्थापित होता तो इस क्षेत्र का नक्शा ही बदल सकता था लेकिन कमजोर नेतृत्व के कारण यह डिपो भी यहां से स्थानांतरित हो गया। क्षेत्र में कई उद्योग बंद होने से कई बेरोजगार हो गए हैं लेकिन इसकी चिंता किसी को नहीं है। उन्होंने कहा कि युवा हुंकार रैली के लिए समर्थन हासिल करने के लिए वह विधानसभा क्षेत्र गगरेट के जिस-जिस गांव में गए हैं वहां युवाओं में इस सरकार के प्रति गहरा आक्रोश देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि युवा हुंकार रैली के बाद कांग्रेस की ऐसी हवा निकलेगी कि इस बार विधानसभा चुनावों में उसका दहाई का आंकड़ा छूना मुश्किल हो जाएगा। इस अवसर पर संजीव संधू, उपनीश राजपूत, रजत कुमार, विनोद जोशी, सुनील शर्मा, परिपाल सिंह, अश्विन, इंद्र व विशाल भी मौजूद थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App