जिला में कांग्रेस बिना मांझी की नाव

By: Sep 11th, 2017 12:05 am

चंबा —  भाजुयमो के पूर्व जिला अध्यक्ष उमेश वैघ ने कहा कि गुटबाजी के चलते सदर कांग्रेस में बिना मांझी के नाव बनकर रह गई है। मांझी न होने से इस नाव का आगामी चुनावों में डूबना तय है। उन्होंने कहा कि गत रोज कांग्रेस की गुटबाजी खुलकर सामने भी आ गई है। उन्होंने कहा कि सदर हल्के में कांग्रेसी कुनबे के बिखराव साबित करता है कि दस वर्षो से सत्ता सुख से वंचित होने के बावजूद व्यक्ति विशेष के सहारे अपनी चुनावी वैतरणी पार करने का प्रयास कर रही है। वह रविवार को मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिला में कांग्रेस का संगठन पूरी तरह बिखर चुका है। हरेक नेता अपनी डफली अपना राग के तहत काम कर रहा है। उन्होंन कहा कि पूरे देश में भाजपा के पक्ष में लहर चल रही है। आगामी चुनावों में हिमाचल को कांग्रेस मुक्त करने में प्रदेश की जनता आहूति डालकर भाजपा को सत्ता सौंपने का मन बना चुकी है। उमेश वैघ ने कहा कि आगामी विस चुनावों में भाजपा चंबा की पांचों सीटों पर जीत दर्ज कर प्रदेश में सरकार के गठन में अहम रोल अदा करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा एक लोकतांत्रिक पार्टी है, जिसमें टिकट मांगना हरेक कार्यकर्ता का अधिकार है। ऐसे में टिकट आवंटन के बाद भावी प्रत्याशी की जीत में हरेक कार्यकर्ता अपना अहम रोल अदा करेगा। उन्होंने कांग्रेसी नेताओं द्वारा भाजपा पर की जा रही छींटाकशी को बौखलाहट का परिणाम करार दिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App