टूटी कंडी में मकान पर गिरा पेड़, दो जख्मी

By: Sep 3rd, 2017 12:10 am

newsशिमला — राजधानी शिमला में मानसून की बौछारे ने फिर से कहर बरपाना शुरू कर दिया है। लगातार हो रही बारिश के चलते जगह-जगह भू-स्खलन होने और पेड़ों के गिरने से जन जीवन प्रभावित होने लगा है। शनिवार को शिमला के टूटी कंडी वार्ड में भारी बारिश के चलते एक मकान पर चार पेड़ों के गिरने से एक महिला व उनके बेटे को चोटें आई हैं। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जिनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। यह हादसा शनिवार सुबह के समय पेश आया। हादसे की सूचना मिलते ही सशस्त्र सीमा बल का त्वरित बचाव दल मौके पर पहुंचा। जवानों ने क्षतिग्रस्त महान से पेड़ों को हटाकर महिला व उनके बेटे को सुरक्षित बाहर निकल कर एंबुलेंस द्वारा अस्पताल में भर्ती करवाया गया।    वार्ड पार्षद आनंद कौशल ने बताया कि लगातार हो रही भारी बारिश के चलते पेड़ मकान पर गिर गए। हादसे में महिला व उनके बेटे को चोटें आई हैं। राजधानी शिमला में खतरनाक वृक्षों ने फिर से जनता की नींदे उड़ानी शुरू कर दी है। मूसलाधार बारिश के चलते लोग खौफ के माहौल में जी रहे हैं। जिला में अभी तक 10 करोड़ का नुकसान जिला प्रशासन के मुताबिक जिला शिमला में मानसून ने जमकर कहर बरपाया है। जिला में बारिश से 10 करोड़ से अधिक का नुकसान हो चुका है। बारिश के कारण भू-स्खलन होने, बादल फटने, भवनों पर वृक्षों के गिरने से सरकारी व निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App