ट्रैफिक पुलिस से बहस पडे़गी महंगी

By: Sep 24th, 2017 12:05 am

गगरेट  —  यातायात पुलिस के साथ अब अनावश्यक बहसबाजी आपको मंहगी पड़ सकती है। जिला पुलिस कप्तान ने जिला पुलिस को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में यातायात पुलिस अब बाडी कैम से लैस होगी। इसके लिए चार बाडी कैम खरीदे भी जा चुके हैं। इससे न सिर्फ यातायात पुलिस की कार्यप्रणाली में भी पारदर्शिता आएगी बल्कि यातायात नियमों की अवहेलना करने पर यातायात पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई भी कैमरे में कैद होगी। इससे पुलिस पर अनावश्यक आरोप लगाने वालों को भी पुलिस रिकार्डिंग के तथ्यों से अवगत करवा सकेगी। यातायात पुलिस पर अकसर चालान न करने की एवज में घूस मांगने के आरोप लगते रहते हैं। हालांकि पुलिस की यही दलील होती है कि चालान काटने के चलते ही यह आरोप लगाए जा रहे हैं। यही नहीं बल्कि कई बार तो यातायात नियमों की अवहेलना करने पर पुलिस द्वारा की जाने वाली कार्रवाई के चलते लोग पुलिस के साथ ही उलझने से परहेज नहीं करते। जिले के धार्मिक स्थानों पर अकसर पड़ोसी राज्य के लोग मालवाहक वाहनों में सवार होकर आते हैं और पुलिस द्वारा रोकने पर फिर पुलिस से उलझने का सिलसिला शुरू हो जाता है। यही वजह है कि यातायात पुलिस के कार्य में पारदर्शिता लाने के लिए ही अब यातायात पुलिस को बाडी कैम से लैस करने का निर्णय लिया गया है। जिला पुलिस ने अभी तक चार बाडी कैम खरीदे हैं और निकट भविष्य में पुलिस और भी खरीद सकती है। यातायात पुलिस कर्मी इन्हें अपने कंधे पर लगाएंगे ताकि हर हरकत कैमरे में कैद हो सके। बेशक पुलिस द्वारा बाडी कैम का प्रयोग करने का कांसेप्ट पुराना है लेकिन जिला ऊना में इसका प्रयोग पहली बार ही किया जा रहा है। पुलिस जवान भी अधिकारियों के इस कदम की सराहना कर रहे हैं। जाहिर है कि कई लोग चालान न काटने की एवज में घूस मांगने के आरोप लगाते हैं और कई बार पुलिस कर्मी को भी विभागीय जांच का सामना करना पड़ता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App