दशहरे के लिए हवाई सफर का तोहफा

By: Sep 16th, 2017 12:05 am

भुंतर, कुल्लू —  अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव से पहले एयर इंडिया हवाई यात्रियों को बड़ा तोहफा देने को तैयार है। सरकार ने उत्सव से ठीक पहले प्रदेश के सबसे पुराने कुल्लू-मनाली एयरपोर्ट भुंतर के लिए नई हवाई सेवा आरंभ करवाने को हरी झंडी दे दी है। यह हवाई सेवा भुंतर और चंडीगढ़ के बीच में होगी। जानकारी के अनुसार 26 सितंबर से यह हवाई सेवा आरंभ हो सकती है। लिहाजा, दशहरा उत्सव के दौरान चंडीगढ़ से यहां आने वाले हवाई यात्रियों को सुविधा मिलेगी। दशहरा उत्सव से पहले सस्ती हवाई सेवा आरंभ न होने से हवाई यात्रियों और पर्यटन कारोबारियों में निराशा है। एयर डेक्कन की सस्ती हवाई सेवा अगस्त माह से प्रस्तावित थी, लेकिन अभी तक इस सेवा का शेड्यूल फाइनल नहीं हो पाया है। इसके चलते कुल्लू आने वाले हवाई यात्रियों को राहत नहीं मिल पा रही थी, लेकिन इसी बीच यात्रियों को एयर इंडिया की ओर से बड़ी राहत मिली है। एयरपोर्ट अथारिटी के अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार इसके लिए प्रस्तावित शेड्यूल को मंजूरी मिल गई है। जानकारी के अनुसार एयर इंडिया ने भुंतर और चंडीगढ़ के बीच हवाई सेवा आरंभ करने के लिए प्रस्तावित शेड्यूल एयरपोर्ट अथॉरिटी को सौंपा था, जिसे अथॉरिटी ने हरी झंडी दे दी गई है। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार इसके तहत दिल्ली से एयर इंडिया का विमान सुबह 06:45 बजे रवाना होगा और 08:05 बजे भुंतर एयरपोर्ट पहुंचेगा। इसके बाद 08:35 बजे यह चंडीगढ़ के लिए निकलेगा और 09:20 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगा। यहां से 09:50 बजे यह उड़ान भरेगा और 10:35 बजे भुंतर एयरपोर्ट में पहुंचेगा। इसके बाद 11:00 यह भुंतर से रवाना होगा और 12:10 बजे दिल्ली वापस पहुंचेगा। उक्त सेवा आरंभ होने के बाद जिन यात्रियों ने भुंतर से दिल्ली के लिए एडवांस बुकिंग करवा रखी है, उनका समय बदल जाएगा और जानकारी के अनुसार प्रबंधन ने इन यात्रियों को भी इस बारे में अवगत करवाना आरंभ कर दिया है। कुल्लू दशहरा के लिए हर साल एक हजार से अधिक सैलानी हवाई सफर के जरिए कुल्लू पहुंचते हैं, लेकिन कई सैलानी उड़ानों की कमी के चलते इस सुविधा से महरूम रहते हैं। जानकारों के अनुसार इस बार पिछले साल के मुकाबले दो गुना ज्यादा सैलानी दशहरा उत्सव के दौरान यहां पहुंच पाएंगे। जानकारी के अनुसार यह सुविधा दशहरा के बाद भी हवाई यात्रियों को मिलती रहेगी। भुंतर एयरपोर्ट के निदेशक एए अंसारी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि एयर इंडिया ने जो प्रस्ताव उड़ानों के संदर्भ में भेजा था, उसे मंजूर कर लिया गया है और दशहरा से पहले चंडीगढ़ के लिए हवाई सेवा आरंभ हो जाएगी। बहरहाल, भुंतर और चंडीगढ़ के बीच दशहरा से पहले उड़ानों का तोहफा यात्रियों को मिलने जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App