पाक-चीन को चेता गए शिंजो आबे

By: Sep 15th, 2017 12:08 am

newsनई दिल्ली— जापान के पीएम शिंजो आबे ने पीएम नरेंद्र मोदी के साथ गरुवार को भारत में बुलेट ट्रेन की नींव रखते हुए चीन को इशारों-इशारों तो पाकिस्तान को सीधे शब्दों में चेताया। आबे ने चीन पर इशारों में अटैक करते हुए भारत के साथ दोस्ती पर जोर दिया है। उन्होंने कहा है कि ताकतवर जापान भारत के हित में है और मजबूत भारत जापान के हित में है। बुलेट ट्रेन के शिलान्यास के बाद आबे ने साझा बयान में आतंकवादियों को शह देने को लेकर पाकिस्तान को फटकार लगाई। साझा बयान में मुंबई और पठानकोट हमलों का जिक्र करते हुए पाक को आतंक पर लगाम लगाने की सलाह दी गई। साझा बयान में कहा गया है कि भारत और जापान अलकायदा, आईएस जैसे समूहों और पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तोएबा एवं उससे संबद्ध संगठनों के खिलाफ सहयोग मजबूत करेंगे। इसके साथ ही पाकिस्तान से 2008 में मुंबई में और 2016 में पठानकोट में हुए आतंकवादी हमलों सहित आतंकवादी हमलों के साजिशकर्ताओं को न्याय के घेरे में लाने को कहा गया है। गुरुवार को यहां बुलेट ट्रेन के भूमि पूजन के मौके पर आबे ने अपने भाषण की शुरुआत हिंदी में नमस्कार से की और अंत में धन्यवाद कहा। जय इंडिया-जय जापान का नारा देते हुए उन्होंने कहा कि जापान का जे और इंडिया का आई मिला दें तो यह हिंदी में जय यानी विजय बन जाता है। जापान और भारत के बीच का सहयोग केवल द्विपक्षीय नहीं रहा, यह यह विशेष सामरिक और वैश्विक साझेदारी में विकसित हुआ है। भारत और जापान स्वतंत्रता, लोकतंत्र, मानव अधिकार और कानून का नियम जैसे बुनियादी मूल्यों को साझा करते हैं। भारत-चीन के बीच डोकलाम विवाद के बाद आबे ने कहा कि भारत और जापान कई एशियाई परंपराओं की अगवाई करते हैं, जिनमें मौजूदा स्थिति में बलपूर्वक बदलाव को स्वीकार न करना और विवादों का शांतिपूर्वक हल खोजना शामिल है। चीन के वन बेल्ट वन रोड प्रोजेक्ट में पारदर्शिता न होने के आरोप के बीच आबे ने कहा कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र के सभी देश सभी स्वतंत्र और खुले विकास की इच्छा रखते हैं। वे चाहते हैं कि क्षेत्रीय संप्रभुता का आदर हो, ऐसा विकास हो जो उसके नागरिकों की इच्छा अनुसार हो। इसे साकार करने के लिए जापान और भारत अपने सहयोग को और मजबूत बनाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App