प्रकृति का रहस्यमयी सौंदर्य है सिक्किम

By: Sep 3rd, 2017 12:10 am

हिमालय की गोद में बसे सिक्किम राज्य को प्रकृति के रहस्यमयी सौंदर्य की जमीन या फूलों का प्रदेश कहना गलत नहीं होगा। सिक्किम को अपनी सुन्दर प्रकृति, बर्फ  से ढके पहाड़ों, रंग- बिरंगे फूलों से बिछे मैदान की वजह से इसे जन्नत के नाम से पुकारा जाता है। सिक्किम को भारत के सुंदर शहरों में से एक माना जाता है और प्रकृति के वरदान से भरी यह जादुई जगह हिमालय पर्वत क्षेत्र में स्थित है। आइए आज आपको इस अज्ञात पहाड़ी वाले राज्य के बारे में बताते हैं। यहां के बुद्ध धर्म मंदिरों में फारसी और तिब्बती भाषा की शिक्षा दी जाती है। इसके अलावा यहां पर घूमने के लिए बहुत से गांव, नदियां और पहाडि़यां हैं, जिनकी खूबसूरती देखकर आप दंग रह जाएंगे।

कंचनजंगा पहाड़ी

यहां की सुंदरता में चार चांद लगाने के लिए कंचनजंगा पहाड़ी यहीं पर मौजूद है। सूर्य की सुनहरी किरणों  में नई-नवेली दुल्हन की तरह दिखती है यह चोटी। यहां के हर पल बदलते मोहक दृश्य सुंदरता की नई-नई परिभाषाएं गढ़ते हुए से लगते हैं। सिक्किम की यह पहाड़ी दुनिया की तीसरी सबसे ऊंची चोटी है। कहा जाता है कि सूरज की किरणें सबसे पहले इस पहाड़ी पर पड़ती हैं। आप चाहें तो इस पहाड़ी पर ट्रेकिंग भी कर सकते हैं।

गंगटोक

सिक्किम की राजधानी गंगटोक बहुत ही खूबसूरत नजारों से भरपूर शहर है। यहां के प्राचीन मंदिर, महल और मठ आपको सपनों की दुनिया की खूबसूरत सैर कराएंगे। आप यहां पर प्राचीन कलाकृतियों के लिए पुराने बाजार, लाल बाजार या नया बाजार भी घूम सकते हैं। इसके अलावा यहां पर पहाडि़यों की ढाल पर बहुत खूबसूरत नजारा दिखाई देता है।

युक्सोम

इस शहर में आपको कंचनजंघा की चढ़ाई के लिए असानी से बेस कैंप मिल जाएगा। याक की सवारी करते हुए आप यहां के नजारों का मजा ले सकते हैं। मई से अगस्त के बीच इस शहर में बहुत ही सुंदर फूल खिलते हैं और बर्फ  गिरने के कारण झील का इलाका और भी खूबसूरत हो जाता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App