फरोली में रीछ ने नोंची महिला

By: Sep 20th, 2017 12:10 am

newsडलहौजी —  उपमंडल की बलेरा पंचायत में मंगलवार सवेरे रीछ ने महिला पर हमला कर बुरी तरह नोंच डाला। रीछ के हमले में घायल महिला को उपचार के लिए सिविल अस्पताल डलहौजी में दाखिल करवाया गया है। जहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला को गहन चिकित्सीय निगरानी में रखा गया है। फिलहाल अभी तक घायल महिला को वन विभाग की ओर से कोई फौरी राहत नहीं मिल पाई है। फरोली गांव में रीछ के हमले की घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। जानकारी के अनुसार फरोली गांव की काया देवी पत्नी भोलू मंगलवार सवेरे गांव के समीप जंगल में घास काट रही थी। इसी दौरान अचानक पीछे से रीछ ने हमला बोल दिया। इससे पहले काया देवी संभल पाती रीछ ने उसे बुरी तरह नोंच खाया।  काया देवी के शरीर के निचले हिस्से में गहरे घाव आए हैं। इस हमले के दौरान रीछ भी असंतुलित होकर ढांक से नीचे लुढ़क गया। अन्यथा महिला को जान से हाथ धोना पड़ सकता था। इसी बीच काया देवी के मदद हेतु चीखने- चिल्लाने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों व ग्रामीणों को देख रीछ भाग खड़ा हुआ। बाद में महिला को तुरंत वाहन में डालकर उपचार के लिए सिविल अस्पताल डलहौजी लाया गया। जहां महिला को  चिकित्सीय सुविधा देने के बाद एडमिट कर लिया गया। उधर, बीएमओ डा. विपिन ठाकुर ने रीछ के हमले में महिला के घायल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि महिला की हालत स्थिर बनी हुई है। महिला की हालत पर चिकित्सक गहन निगरानी रखे हुए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App