बहुजमालपुर में दो दोस्तों का मर्डर

By: Sep 3rd, 2017 12:02 am

तेजधार हथियार से सिर पर वार पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच

रोहतक — जिला बहुजमालपुर गांव में दो दोस्तों की तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई। दोनों के शव शनिवार सुबह घर के पास ही पड़े मिले। उनके सिर पर चोट के भी निशान हैं। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। रोहतक पुलिस जांच में जुटी हुई है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई भिजवा दिया गया है। पुलिस के मुताबिक बहुजमालपुर निवासी धर्मबीर और सुनील गांव में ही खेतीबाड़ी का काम करते थे। शुक्रवार देर शाम करीब सात बजे वे दोनों घर से निकले। इसके बाद उनका सुराग नहीं लग पाया। घरवालों ने दोनों की तलाश भी की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल पाई। शनिवार सुबह करीब पांच  बजे किसी ग्रामीण ने पहले धर्मबीर का शव पड़ा हुआ देखा। मोटरसाइकिल भी उसके ऊपर गिरी हुई थी। धर्मबीर के शव से थोड़ी दूरी पर ही सुनील का शव था। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। परिजनों ने ही रोहतक पुलिस को सूचित किया। फोरेंसिक एक्सपर्ट भी मौके पर बुलाए गए। परिजनों ने फिलहाल किसी भी प्रकार की रंजिश होने से इनकार किया है। हालांकि एक परिजन का कहना है कि किसी ग्रामीण ने धर्मबीर और सुनील को देर रात एक शराब के ठेके पर देखा था। पुलिस ने फिलहाल हत्या का केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।

राम रहीम को नहीं भा रहा जेल का खाना

रोहतक — बलात्कारी बाबा राम रहीम को सुनारिया जेल का खाना पसंद नहीं आ रहा है, इसलिए उसने जेल के अंदर जाते ही कैंटीन में अपना खाता खुलवा लिया था। वह कैंटीन से ही पानी, कॉफी, बिस्कुट आदि सामान ले रहा है। जेल में मिलने वाला खाना भी कभी-कभी खाता है, खाता भी है तो रोटी कम ही खाता है। जेल सूत्रों की मानें तो पहले ही दिन कैंटीन के अकाउंट में एडवांस में 18 हजार रुपए जमा करा दिए गए थे। सुनारिया जेल में नौ माह तक रहकर आए स्वदेश किराड़ का कहना है कि जेल में सुबह के छह बजे चाय व ब्रेड दिया जाता है। इसके बाद 200 एमएल दूध दिया जाता है। सुबह आठ बजे पांच रोटी और दाल दी जाती है। शाम चार बजे कैदियों को चाय मिलती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App