बारिश ने फिर झकझोरा

By: Sep 24th, 2017 12:05 am

newsशिमला — सितंबर के आखिर में बारिश से हिमाचल बेहाल दिखा। शुक्रवार रात और शनिवार दिन भर प्रदेश में झमाझम बारिश रिकार्ड की गई। लगातार हो रही बारिश से प्रदेश के कई स्थानों पर भू-स्खलन के चलते कई रास्ते बंद हो गए, वहीं नदी-नाले फिर से उफान पर हैं। सितंबर माह के आखिर सप्ताह के दौरान हो रही बारिश के साथ पहाड़ी प्रदेश में सर्दी शुरू हो गई। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भी राज्य भर में मौसम खराब बना रहेगा। बीते 24 घंटों के दौरान भी राज्य के अनेक स्थानों पर बारिश दर्ज की गई, जिससे अधिकतम व न्यूनतम तापमान में फिर से गिरावट आई है। गोहर में सबसे अधिक 102.0 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है। इसके अलावा डलहौजी में 82.0, पालमपुर में 66.0, खेरी में 65.0, रेणुका में 63.0, बंगाणा में 53.0, धर्मपुर में 46.0, नैना देवी में 43.0, शिमला में 41.0, कंडाघाट, भराड़ी में 35.0, अर्की में 32.0, मनाली में 31.0, कसौली, जोगिंद्रनगर में 29.0 और पंडोह में 25.0 मिलीमीटर बारिश हुई। बारिश से अधिकतम तापमान में एक से दस डिग्री तक की गिरावट आई है। ऊना का तापमान 34.8 डिग्री से लुढ़कर 24.0 डिग्री तक पहुंच गया है। इसके अलावा कांगड़ा में 9.0, सुंदरनगर में 6.0, नाहन में 5.0, सोलन में 4.0 और शिमला में 3.0 डिग्री तक तापमान लुढ़का है। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को भी राज्य भर में मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान एक-दो स्थानों पर बारिश की संभावनाएं जताई जा रही हैं। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 17.1, सुंदरनगर में 22.8, भुंतर में 21.3, कल्पा में 15.8, धर्मशाला में 26.2, ऊना में 24.0, नाहन में 20.7, सोलन में 20.0 और कांगड़ा में 22.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में रविवार को भी मौसम खराब बना रहेगा, जबकि 26 से 29 सितंबर तक राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के तहत राज्य से अक्तूबर माह के पहले सप्ताह में मानसनू रुखसत होगा। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश में 26 से 29 सितंबर तक मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन हिमाचल से मानसून पूरी तरह से अक्तूबर माह के पहले सप्ताह के दौरान ही विदा होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App