भारत में कपास की पैदावार 17 फीसदी बढ़ी

By: Sep 5th, 2017 12:02 am

व्हाइट गोल्ड की पैदावार बढ़ने से किसानों को मिला अच्छा भाव

फरीदकोट  —  देश में विभिन्न कपास उत्पादक राज्यों में व्हाइट गोल्ड का कुल रकबा 119.88 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है। पिछले वर्ष यह आंकड़ा 101.72 लाख हेक्टेयर था। कपास सीजन 2017-18 के दौरान देश में अभी तक व्हाइट गोल्ड (कपास) की बुआई 17 प्रतिशत बढ़ी है। सूत्रों के अनुसार कपास की बुआई का क्षेत्र बढ़ने का मुख्य कारण कपास सीजन की पैदावार में वृद्धि हुई तथा दूसरी ओर किसानों को कपास का भाव भी अच्छा मिला, जिस कारण कपास की बुआई में वृद्धि हुई। बाजार के जानकार सूत्रों के अनुसार देश में अभी तक चाहे कपास की बुआई में 17 फीसदी इजाफा हुआ है, लेकिन देश में इसका कुल उत्पादन अगले माह तक पता चलेगा। क्षेत्र में अच्छी बारिश भी कपास के लिए वरदान साबित हो रही है। इससे सफेद कीट से भी राहत मिली है। बाजार में कपास सीजन के दौरान मंडियों का मानना है कि देश में इस बार चार करोड़ गांठ से अधिक पैदावार होगी तथा तेजडि़यों के अनुसार कपास की पैदावार लगभग 3.50 करोड़ से 3.55 करोड़ गांठें पैदावार होगी। भारतीय रूई बाजार में राजस्व की तंगी चल रही है, जिससे स्पिनिंग मिलें बहुत कम रूई खरीद रही हैं। स्पिंनिंग मिलें अपनी रोजाना खपत से कम रूई खरीद रही हैं। उत्तर भारत में हरियाणा तथा पंजाब में धीमी गति से नई आमद शुरू हो गई है तथा कई स्पिनिंग मिलों ने नई रूई की खरीद भी शुरू कर दी है। सूत्रों का कहना है कि उत्तरी राज्यों के पंजाब, हरियाणा, राजस्थान में रूई का अनसोल्ड स्टाक लगभग 5000 गांठ रह गया है। सितंबर में रूई में मंदी नजर नहीं आ रही, क्योंकि हरियाणा, पंजाब में नई कपास की आमद बनी हुई है। उसकी तुलना में स्पिनिंग मिलों की मांग भी बराबर चल रही है। अनेक स्पिनिंग मिलें धन की तंगी का सामना कर रही हैं। सूत्रों के अनुसार बड़े घरानों की मिलों का यार्न अच्छा  बिक रहा है, जिससे उन्हें कोई डर नहीं है, जिन स्पिनिंग मिलों को सरकारी सुविधा प्राप्त हैं, वे बराबरी पर चल रही हैं, लेकिन जिन मिलों को सरकारी सुविधा नहीं है वे भगवान  के सहारे चल रही हैं। सोमवार से इसके दामों में कुछ तेजी के आसार हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App