मोदी रैली बनाम युकां का शक्ति प्रदर्शन

By: Sep 28th, 2017 12:15 am

तीन को पीएम करेंगे एम्स का शिलान्यास तो युवा कांग्रेस झंडूता में करेगी बड़ी रैली

newsशिमला—  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बिलासपुर रैली को टक्कर देने के लिए प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विक्रमादित्य ने बिलासपुर के झंडूता में ही एक बड़ी रैली का ऐलान कर दिया है। संगठन व सरकार में रार के बीच युकां के सहारे यह रैली सुर्खियों में आने वाली है। प्रदेश स्तरीय इस रैली में कई बड़े नेताओं के भी पहुंचने की सूचना है। इसके लिए युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजा अमरेंदर को भी आमंत्रित किया गया है। मंगलवार को ही विक्रमादित्य का मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शिमला ग्रामीण चुनाव क्षेत्र से राजनीतिक तिलक किया था। जाहिर तौर पर युवा कांग्रेस की यह बड़ी रैली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा व उनके दौरे को एक चुनौती देने का ही कदम कहा जा सकता है। विधानसभा चुनावों से पूर्व इसे जानकार कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन भी बता रहे हैं। इससे पहले कभी भी ऐसा नहीं हुआ था कि भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं के आगमन के साथ ही कांग्रेस या उसके अग्रिम संगठनों ने एक साथ ऐसा आयोजन करने का प्लान तैयार किया हो। झंडूता रैली विक्रमादित्य के राजनीतिक भविष्य के लिए क्या पैगाम लेकर आएगी यह तो समय बताएगा, मगर युवा कांग्रेस के बहाने इस रैली का आयोजन करके मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने एक नया स्ट्रोक जरूर खेल दिया है।

परिवहन मंत्री जीएस बाली भी हो आए होलीलॉज

परिवहन मंत्री जीएस बाली बुधवार को घुमारवीं के विधायक राजेश धर्माणी के साथ होलीलॉज गए थे। सूचनाओं के मुताबिक धर्माणी ने झंडूता रैली में हर संभव सहयोग जुटाने का आश्वासन दिया है। बताया जाता है कि जीएस बाली ने मुख्यमंत्री से उन्हें गिले-शिकवे भुलाकर जोर-शोर से काम करने के लिए तैयार किया था। धर्माणी मंत्रिमंडल में स्थान न मिलने को लेकर शुरू से ही नाराज चले आ रहे हैं। जीएस बाली जैसे मित्रों के ही मनाने पर धर्माणी ने सीपीएस का पद स्वीकार तो किया, मगर बाद में त्यागपत्र देकर तमाम सुविधाएं भी छोड़ दी थी, मगर अब सियासत में बदलाव की बयार चली है।

मुख्यमंत्री-विक्रमादित्य सिंह को दी मुबारक

परिवहन मंत्री ने मंगलवार को विक्रमादित्य की सियासी लांचिंग पर न केवल मुख्यमंत्री, बल्कि विक्रमादित्य को भी मुबारकबाद दी और सहयोग का आश्वासन दिया। विक्रमादित्य सचिवालय जा रहे थे, मगर बाली व धर्माणी के होलीलॉज पहुंचते ही अपने निजी आवास लौट आए।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App