रोहड़ू में स्क्रब टायफस का खौफ

By: Sep 7th, 2017 12:10 am

newsरोहड़ू— रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले छौहारा में स्क्रब टायफस ने लोगों को अपनी जकड़ में लेना शुरू कर दिया है। अब सिविल अस्पताल रोहडू में स्क्रब टायफस के नौ केस आ चुके हैं, जिसमें तीन लोग अपनी जान भी गवां चुके हैं, जिसमें दैनवाड़ी से दो लड़के शिमला आईजीएमसी के लिए रैफर किए गए, जहां उनकी मौत हो गई। वहीं एक लड़की को रोहडू़ सिविल अस्पताल से शिमला आईजीएमसी के लिए रैफर किया गया, जिसकी रास्ते में ही मौत हो गई। सिविल अस्पताल रोहड़ू में शेष छह मामलों में से भी पांच स्क्रब टायफस के मरीजों को शिमला आईजीएमसी के लिए रैफर किया गया, जबकि एक मरीज को सिविल अस्पताल रोहडू में ही भर्ती करवाया गया और समय रहते जिन्हें स्वस्थ होकर यहीं से घर वापस भी भेजा गया। छौहारा क्षेत्र में स्क्रब टायफस से अधिक दहशत का माहौल है। लोगों में यह धारणा है या अफवाह कि स्क्रब टायफस से छह से अधिक मौतें हो चुकी हैं। लोगों का दावा है कि स्क्रब टायफस से ये मौतें अस्पताल में पहुंचने से पहले हुई हैं। स्क्रब टायफस के लक्षण होने की संभावना के चलते यह दावे कुछ लोगों की ओर से किए जा रहे हैं, जो मिथ्या भी हो सकते हैं। वहीं खशाधार जिला परिषद वार्ड अरविंद धीमान ने बताया कि स्क्रब टायफस से उनके क्षेत्र में ही तीन मौतें हो चुकी हैं, बावजूद प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई जा रही है।

लोगों को किया जा रहा जागरूक

वहीं सिविल अस्पताल रोहड़ू प्रभारी डा. रविंदर मुखिया ने बताया कि इस संदर्भ में लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है। अभी तक नौ मरीजों में स्क्रब टायफस के लक्षण पाए गए हैं, जिसमें तीन लोगों की शिमला में मौत हो चुकी हैं। छौहारा क्षेत्र में स्क्रब टायफस कई साल से सक्रिय है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App