लोगों की हर समस्या मेरी समस्या

By: Sep 24th, 2017 12:05 am

चंबा  —  लंबे समय से लटके कार्य को जल्द पूरा करवाने के साथ समय पर लोगों की समस्या का हल यही मेरी पहली प्राथमिकता होेगी। चंबा में बतौर सहायक उपायुक्त का कार्यभार संभालने के दौरान एसी टू डीसी संजय धीमान ने उपरोक्त बात कही। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी उन्होंने विभिन्न पदों पर रहते हुए हर तरह के कार्य को  पारदर्शिता के साथ निपटाया है। एसी टू डीसी संजय धीमान इससे पहले भी चंबा में विभिन्न स्थानों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। धीमान ने पर्यटन विकास अधिकारी सोलन, उपमंडलीय अधिकारी (नागरिक) डलहौजी और सलूणी, कार्यकारी निदेशक हिमुडा, उपमंडलाधिकारी (नागरिक) चुराह, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी धर्मशाला और सहायक आयुक्त मंडलायुक्त कांगड़ा के पदों पर भी अपनी सेवाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ी जिला होने के चलते चंबा में अभी भी कई तरह की सुविधाओं का आभाव है, इस बीच भी हर कार्य को समय पर निपटाया जाएगा, ताकि लोगों को इसका लाभ मिल सके। संजय धीमान लेखक भी हैं और अभी तक उनकी विभिन्न विषयों पर दस पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। मुख्य सचिव द्वारा इन्हें हिमाचल केसरी अवार्ड से भी नवाजा जा चुका है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App