वोटर-नेता झूठ न बोलें तो सियासी राहें मुश्किल नहीं

By: Sep 25th, 2017 12:15 am

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं मंत्री सुजान सिंह पठानिया की राय

नाम :  सुजान सिंह पठानिया

उम्र :  74 वर्ष

विधानसभा क्षेत्र :  फतेहपुर

पार्टी :  कांग्रेस

करियर

 वर्ष 1977, 1990,1993, 2003 व 2009 में जवाली हलके से  चुने गए

 वर्ष 2012 में फतेहपुर से विधानसभा पहुंचे

 वर्तमान में प्रदेश सरकार में ऊर्जा एवं कृषि मंत्री

newsनूरपुर – बदलते परिवेश में राजनीति एक चुनौतीपूर्ण दायित्व है। वोटर जहां शिक्षित व जागरूक हुआ है, वहीं अब राजनेताओं से लोगों की अपेक्षाएं भी बढ़ी हैं।  सिस्टम को सुधारने व कानून बनाने तथा इसे ईमानदारी से लागू करवाने के स्थान पर व्यक्तिगत मसलों को दलगत राजनीति के आधार पर सेटल करवाने की परिपाटी ऐसी पड़ी है कि अब यह कवायद राजनेताओं के लिए दिक्कत खड़ी कर रही है। खासकर पुरानी पीढ़ी के नेता इस दौर में असहज महसूस करते हैं।  ऐसे ही कुछ सवालों पर छह बार के विधायक और वर्तमान में प्रदेश के कृषि एवं ऊर्जा मंत्री सुजान सिंह पठानिया ने कहा कि  पिछले एक दशक से राजनीति का स्वरूप बदल गया है। जनता में जागरूकता बढ़ी है, वहीं सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आई क्रांति ने भी बड़ा बदलाव किया है। कार्यकर्ता भी त्वरित रिजल्ट चाहता है। अब लोग मोबाइल पर ही अपने काम बताते हैं। वह कहते हैं कि राजनीति उसूलों व विचारधारा पर आधारित होनी चाहिए और इसमें अवसरवादिता को कोई स्थान नहीं मिलना चाहिए। उनका मानना है कि भले ही राजनीति में वोटरों का नेता पर दबाव होता है, परंतु नेता को हमेशा अपने मतदाताओं से सच बोलना चाहिए, जिसका वह स्वयं पालन करते हैं। भले ही बदलते परिवेश में राजनीति एक चुनौतीपूर्ण दायित्व बन गया है और राजनीति की डगर आसान न हो, परंतु मैं उसूलों की राजनीति करता हूं। उनका मानना है कि अब राजनेताओं से लोगों की अपेक्षाएं बढ़ी हैं और लोग चाहते हैं कि उनका काम होना चाहिए। लोगों की बढ़ती उम्मीदों के चलते खासकर पुरानी पीढ़ी के नेता इस दौर में असहज महसूस करते हैं। श्री पठानिया ने कहा कि मुश्किल भरी सियासत में यह आसान हो सकती है अगर नेता जनता से झूठ न बोले और जनता भी नेताओं से झूठ न बोले। नेताओं को लोगों से स्पष्ट बोलना चाहिए इससे नेताओं का काम काफी हद तक आसान हो जाता है और लोगों का आप में विश्वास भी बढ़ता है। राजनीति में आ रही दिक्कतों बारे वह कहते हैं कि मतदाताओं की उम्मीदों पर खरा उतरना एक चुनौती है और लोगों के लिए विकास कार्य समय पर पूरे करना भी एक चुनौती है, जिसके लिए वह प्रयासरत हैं। इस कार्यकाल में उन्होंने अपने हलके में काफी विकास कार्य करवाए हैं। जनता अगर उन पर फिर भरोसा करेगी तो क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगे।

आधुनिकता के दौर में सादा जीवन

सुजान सिंह पठानिया लंबे समय से राजनीति में हैं और लोगों के मन को पढ़ना बखूवी जानते हैं। तभी तो वह कहने से ज्यादा काम में ज्यादा विश्वास रखते हैं। वह आज के जमाने की आधुनिकता से दूर सादा जीवन ही पसंद करते हैं और लोगों की समस्याओं को सटीकता से हल करना उनकी प्राथमिकता रहती है। क्षेत्र का विकास ही उनका एकमात्र ध्येय, जिसके लिए वह दिन-रात लगे रहते हैं।

वोट बैंक की राजनीति नहीं

सुजान सिंह पठानिया कहते हैं कि वह वोट बैंक की राजनीति नहीं करते। वह हमेशा सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास करते हैं। वह विकास की राजनीति करते हैं और लोगों व क्षेत्र में विकास के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। नेता को विकास कार्यों को लेकर लोगों से झूठ नहीं बोलना चाहिए। राजनीति में ईमानदारी से कार्य करना चाहिए और लोगों के विकास के लिए गंभीरता से प्रयास करना चाहिए। जनता और क्षेत्र की तरक्की के लिए वह हमेशा तत्पर रहते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App