शिमला में महंगाई के खिलाफ पुतला दहन

By: Sep 24th, 2017 12:15 am

newsशिमला —  अच्छे दिनों के सपने दिखाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों के साथ धोखा किया है। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस ने देश में बढ़ती महंगाई के लिए केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें वही पुराने बुरे दिन वापस दे दो, जिसमें गरीब व आम लोग भर पेट भोजन आराम से खाते थे। वहीं बढ़ती महंगाई के विरोध में युवा कांग्रेस ने शनिवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष रोष-प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला भी फूंका। प्रदेश युकां अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि केंद्र की सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए प्रदेश सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगा रही है। नोटबंदी हो या जीएसटी, आज इससे आम लोग परेशान हुए हैं। देश में हर वर्ष दो करोड़ रोजगार देने का सपना दिखाकर युवाओं को जिस प्रकार इनके नेताओं ने चुनावों के समय गुमराह किया था, आज केंद्र की यह सरकार पांच लाख लोगों को भी शायद ही रोजगार दे पाई हो। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल्द होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा को उसके झूठ का सबक सिखाएगी। उन्होंने तेल के बढ़ते दामों की आलोचना करते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने देश के हर वर्ग को ठगा है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा में आयोजित भाजपा की कथित युवा हुंकार रैली पूरी तरह असफल रही है। इस अवसर पर युकां के प्रदेश महासचिव विनोद जिंटा, विकास काल्टा, असेंबली प्रेजिडेंट अमित कोहली, आकाश सैणी, विनोद कुमार, दीपक रोहाल, सुनील चोपड़ा, दिनेश चोपड़ा, शिमला व्यापार मंडल के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल थे।

हाइकमान से ही टिकट

युवा अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि हाइकमान ही अंतिम निर्णय लेगा कि कितने परिवार से कितने टिकट देने हैं। हाल ही में टिकट को लेकर कौल सिंह ने उनसे सवाल किया था, जिस पर विक्रमादित्य ने कहा कि यह पूरी तरह से हाइकमान का विशेषाधिकार है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App