सुनील अलाइड के टॉपर

By: Sep 3rd, 2017 12:01 am

मंडी— एक लक्ष्य साधने के बाद दूसरे लक्ष्य पर निरंतर प्रयासरत रहने का जज्बा बहुत कम लोगों के अंदर होता है। ऐसे ही एक जज्बे का नाम है कोटली के सुनील कुमार। बतौर पीजीटी (अंग्रेजी) शाला भगेहड़ स्कूल में सेवाएं दे रहे सुनील कुमार ने हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा फरवरी-2017 की अलाइड परीक्षा में हिमाचल में टॉप किया है। उनका चयन आबकारी एवं कराधान निरीक्षक पद पर हुआ है। यही नहीं, सुनील कुमार का यह सपना अभी भी अधूरा है, क्योंकि उनका मुख्य लक्ष्य प्रशासनिक सेवाओं में चयनित होना है। कोटली तहसील के कालग के रहने वाले सुनील कुमार के पिता लाल सिंह स्वयं सेवानिवृत्त अध्यापक हैं और उनकी गिनती तुंगल इलाके के समर्पित अध्यापकों में होती है। सुनील कुमार की माता विद्या देवी गृहिणी हैं। सुनील ने दसवीं तक की शिक्षा राजकीय उच्च पाठशाला कडकोह से हासिल की। इसके बाद उन्होंने वल्लभ राजकीय महाविद्यालय से फर्स्ट डिवीजन में स्नातक की डिग्री ली। ग्रेजुएशन के बाद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से अंग्रेजी साहित्य में स्नातकोत्तर करने वाले सुनील कुमार का चयन टीजीटी (आर्ट्स) हुआ और उन्होंने पांगणा, खलाणु और नौहली में अध्यापन किया। फिलहाल सुनील कुमार लडभड़ोल के शाला भगेहड़ स्कूल में बतौर पीजीटी (अंग्रेजी) कार्यरत हैं और अब उनका चयन आबकारी एवं कराधान निरीक्षक पद पर हो गया है। हालांकि सुनील इससे भी संतुष्ट नहीं हैं और वह हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवाओं में  चयनित होने के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने अपनी इस कामयाबी का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों, पत्नी और दोस्तों को दिया है। सुनील कुमार आज भी दो से चार घंटे रोजाना पढ़ाई करते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App