सुब्रह्मणियन को सेवा विस्तार

By: Sep 24th, 2017 12:06 am

सरकार ने एक साल बढ़ाया मुख्य आर्थिक सलाहकार का कार्यकाल

newsनई दिल्ली — सरकार ने मुख्य आर्थिक सलाहकार अरविंद सुब्रह्मणियन को एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया है। वित्त मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि श्री सुब्रह्मणियन का तीन वर्ष का कार्यकाल 16 अक्तूबर, 2017 को समाप्त हो रहा है। अब उन्हें एक वर्ष का सेवा विस्तार दिया जा रहा है। श्री सुब्रह्मणियन ने 16 अक्तूबर, 2014 को मुख्य आर्थिक सलाहकार का पदभार ग्रहण किया था। श्री सुब्रह्मणियन के कार्यभार संभालने से पहले यह पद करीब एक वर्ष तक रिक्त रहा था, क्योंकि उनसे पहले इस पद पर रहे रघुराम राजन को सितंबर, 2013 में रिजर्व बैंक का गवर्नर नियुक्त किया गया था, वहीं कार्यकाल एक साल बढ़ाए जाने पर अरविंद ने कहा कि चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हैं। सरकार कई मकसदों पर काम कर रही है। अरविंद ने कहा कि जैसा कि वित्त मंत्री ने कहा कि हमें विकास, निवेश, निर्यात को पुनर्जीवित करना होगा। आगे के दिनों में, आपको पता चल जाएगा कि सरकार क्या करने की योजना बना रही है। हमारे पास कुछ मुद्दे हैं, जिनके माध्यम से हम काम कर रहे हैं, यह देखना होगा कि अर्थव्यवस्था इन चुनौतियों को कैसे दूर कर सकती है।

अर्थव्यवस्था के समक्ष कई चुनौतियां

नई दिल्ली— मुख्य आर्थिक सलाहकार अरविंद सुब्रह्मणियन ने शनिवार को कहा कि अर्थव्यवस्था के समक्ष कई तरह की चुनौतियां हैं। इससे निपटने के लिए विभिन्न मोर्चे पर पहल करने की आवश्यकता है। श्री सुब्रह्मणियन ने एक वर्ष का सेवा विस्तार मिलने के बाद कहा कि अर्थव्यवस्था के समक्ष कई तरह की चुनौतियां हैं। विकास दर सुस्त पड़ रही है और निवेश भी नहीं बढ़ रहा है। इसलिए कई मोर्चे पर एक साथ पहल करने की जरूरत है। वृहद अर्थव्यवस्था में स्थिरता बनाए रखने के साथ विनिमय दर और सरकारी निवेश के मोर्चे पर काम करने की आवश्यकता होगी। उन्होंने कहा कि विकास को गति देने के साथ ही निवेश और निर्यात में वृद्धि के भी उपाय करने की जरूरत है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App