सोना 820 रुपए सस्ता

By: Sep 10th, 2017 12:05 am

वैश्विक दबाव-कमजोर ग्राहकी से स्थानीय बाजार में पीली धातु में गिरावट, चांदी स्थिर

NEWSनई दिल्ली— विदेशी बाजारों में सप्ताहांत पर बाद के कारोबार में पीली धातु के एक साल के शिखर से फिसल जाने के कारण शनिवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना शुक्रवार की जबरदस्त तेजी खोते हुए 820 रुपए लुढ़ककर 30530 रुपए प्रति डालर पर आ गया, जबकि चांदी शुक्रवार के 42 हजार रुपए प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शुक्रवार को सोना एक साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। इससे घरेलू बाजारों में भी इसमें 990 रुपए की तेजी रही थी। आज इसमें अधिकांश तेजी खोते हुए यह 820 रुपए टूट गया। बाद के कारोबार में विदेशों में सोने में गिरावट रही। अंततः सोना हाजिर 0.95 डालर की गिरावट में 1346.55 डालर प्रति औंस पर बंद हुआ। दिसंबर का अमरीकी सोना वायदा हालाकि, 0.7 डालर की बढ़त के साथ 1350 डालर के पार 1351 डालर प्रति औंस पर बंद हुआ। सप्ताहांत पर लंदन में कारोबार के दौरान 18 डालर के पार निकलने वाली चांदी हाजिर भी अंततः 0.14 डालर की गिरावट में 17.92 डालर प्रति औंस के भाव बिकी। वैश्विक दबाव और कमजोर ग्राहकी से स्थानीय बाजार में शुक्रवार की बड़ी तेजी के बाद पीली धातु में गिरावट रही। सोना स्टैंडर्ड 820 रुपए लुढ़ककर 30530 रुपए प्रति दस ग्राम रहा। सोना बिटुर भी इतना ही टूटता हुआ 30380 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। हालांकि आठ ग्राम वाली गिन्नी मजबूती के साथ 24600 रुपए प्रति दस ग्राम पर टिकी रही। चांदी के सुस्त कारोबार के बीच चांदी हाजिर 42000 रुपए प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही। निकट भविष्य में कीमतों में गिरावट के आशंका के कारण चांदी वायदा 200 रुपए टूटकर 41570 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्कों में कोई बदलाव नहीं हुआ। सिक्का लिवाली और बिकवाली शुक्रवार के क्रमशः 74 हजार और 75 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर टिके रहे। कारोबारियों ने बताया कि सप्ताहांत पर ग्राहकी कमजोर रहने और वैश्विक दबाव में पीली धातु कमजोर पड़ी है। हालाकि त्योहारी मौसम को देखते हुए आने वाले सप्ताह में सोना 31 हजारी हो सकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App