सोशल मीडिया पर नहीं चलेगी दावेदारी

By: Sep 8th, 2017 12:02 am

भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में हिदायत, जारी न हो प्रत्याशियों की सूची

शिमला— पंचकूला में प्रदेश भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में पार्टी मामलों के प्रभारी मंगल पांडे और चुनाव प्रभारी थावर चंद गहलोत ने निर्देश दिए हैं कि विधानसभा चुनावों के लिए यह बिलकुल सहन नहीं होगा कि सोशल मीडिया में दावेदारों की सूचियां जारी हों।  कोर ग्रुप की बैठक में कहा गया कि केंद्रीय नेतृत्व ने इसका सख्ती से संज्ञान लिया है। टिकटों का चयन व आबंटन कब होना है, यह पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व तय करेगा, प्रदेश के नेता नहीं। ये भी निर्देश दिए गए हैं कि धरातल पर सभी नेता एकजुट होकर प्रचार में जुट जाएं। कोर ग्रुप की यह बैठक पंचकूला में शाम साढ़े सात बजे संपन्न हुई। इसमें चुनावी रणनीति व मुद्दों को लेकर भी मंथन किया गया। इससे पूर्व मैराथन बैठक आरएसएस के साथ हुई, जिसमें कोर ग्रुप के साथ-साथ भाजपा के अग्रिम संगठन के नेता व सांसद भी मौजूद रहे। असल में यही महत्त्वपूर्ण बैठक थी, जिसमें खास दिशा-निर्देश प्रादेशिक नेताओं को दिए गए। बैठक में शांता कुमार, प्रो. प्रेम कुमार धूमल, जेपी नड्डा, सांसद अनुराग ठाकुर, वीरेंद्र कश्यप, रामस्वरूप शर्मा, प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती कृपाल परमार, रणधीर शर्मा, डा. बिंदल, जयराम ठाकुर, विपिन परमार समेत कई अन्य सदस्य मौजूद रहे। बैठक में संसदीय व जिला स्तर पर प्रचार के लिए पुख्ता रणनीति तैयार की जा रही है। यानी आगामी समय में विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए पार्टी और ताकत झोंकने जा रही है।  दावा यही किया जा रहा है कि चुनावों में भाजपा ऐतिहासिक जीत के साथ प्रदेश में सरकार बनाएगी।

कांगड़ा रैली को लगेंगी ड्यूटियां

22 सितंबर को कांगड़ा में युवा रैली को सफल बनाने के लिए जिला स्तर पर ड्यूटियां लगाई जाएंगी। यानी यह रैली भाजपा की चुनाव पूर्व राजनीतिक तौर पर सबसे गर्म जिला कांगड़ा में एक तरह का बड़ा शक्ति प्रदर्शन होगा, जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आएंगे।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App