हजार में मटर की फली, 700 का घीया

By: Sep 11th, 2017 12:15 am

सिरसा डेरे से लाई सब्जियों को प्रसाद स्वरूप खरीद रहे अंधे भक्त

newsनादौन – दुराचारी राम रहीम के बागीचे में उगी सब्जियों को अंधे भक्त अब भी प्रसाद के तौर पर महंगे दामों पर खरीद रहे हैं। राम रहीम के सिरसा डेरे से लौटे कुछ लोग डेरे के बागीचे से लाई गई सब्जियों को मुंह मांगे दामों पर बेच रहे हैं। नादौन में मटर की एक फली एक हजार रुपए व घीया 700 रुपए में बेचा जा रहा है। राम रहीम के अंधे अनुयायी सब्जियों व खाद्य सामग्री को आंखें बंद करके प्रसाद के रूप में खरीद रहे हैं। यानी कि डेरा प्रमुख राम रहीम को सजा सुनाए जाने के बावजूद उनके अंधे भक्तों में आज भी दुराचारी का आकर्षण बरकरार है। लगता है इन लोगों की आंखों का पर्दा राम रहीम के जेल पहुंचने के बाद भी नहीं हट रहा है। इतने प्रमाण सामने आने के बावजूद दुराचारी राम रहीम के प्रति आस्था की अंधता का उदाहरण नादौन क्षेत्र में उनके सेवकों में सिरसा स्थित डेरे के बागीचे में उगी सब्जियों को खरीदने के लिए मची होड़ से मिला है। ये अंधे भक्त इसके लिए कोई भी कीमत देने को तैयार हैं। नादौन क्षेत्र के कई भागों में सिरसा डेरे से लौटे कुछ लोग डेरे के बागीचे से लाई गई सब्जियों को उनके अंधे भक्तों की मांग पर प्रसाद के तौर पर बांट कर मोटी दक्षिणा प्राप्त कर रहे हैं। पता चला है कि सिरसा डेरे से लौटे क्षेत्र के कुछ लोग डेरे में उगाई गई सब्जियों जैसे घीया, मटर, मिर्च, अचार सहित अन्य खाद्य पदार्थ लाए हैं। इन लोगों का दावा है कि ये सब्जियां राम रहीम के बागीचे में उगाई गई हैं, जिसे ढोंगी आस्था में मस्त कुछ लोग अमृत के समान हैं।  सिरसा से लौटे कई सेवकों द्वारा लाए गए ऐसे सामान की मांग क्षेत्र में बाबा के भक्तों में बढ़ गई है। हालांकि इस संबंध में कोई भी सेवक खुल कर बोलने को तैयार नहीं है।

500 रुपए में अचार का एक टुकड़ा

क्षेत्र के एक भक्त ने डेरे से लाया घीया आस्था स्वरूप 700 रुपए में खरीदा है, वहीं मटर की एक फली के लिए हजार रुपए दक्षिणा दी है। इसी तरह वहां से एक सेवक द्वारा लाए गए अचार के लिए दावा किया जा रहा है कि यह अचार दुराचारी राम रहीम द्वारा स्वयं अपने हाथों से बनाया गया है।  इस अचार के एक टुकड़े  के लिए लोग 500 रुपए तक देने को तैयार हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App