हिमाचल की नीली क्रांति देखेगा उत्तर प्रदेश

By: Sep 20th, 2017 12:05 am

बिलासपुर – हिमाचल के जलाशयों में नीलक्रांति का विकास अब उत्तर प्रदेश भी देखेगा। इस बाबत प्रदेश का मत्स्य विभाग मथुरा के फरह में 22 से लेकर 25 सितंबर तक आयोजित किए जा रहे राष्ट्रीय स्तर के कृषि उन्नति मेला-2017 में डिजिटल तरीके से विभिन्न विकासात्मक गतिविधियों को प्रदर्शित करेगा। विभाग की चार सदस्यीय टीम वरिष्ठ अधिकारी के नेतृत्व में बुधवार को मथुरा के लिए रवाना हो जाएगी। मत्स्य निदेशक एवं प्रारक्षी सतपाल मेहता ने खबर की पुष्टि की है। मंगलवार को श्री मेहता ने बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय पशुपालन, डेयरी और मत्स्यपालन ने हिमाचल प्रदेश मात्स्यिकी विभाग को नील क्रांति के क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान के लिए मथुरा में होने जा रहे कृषि उन्नति मेले के लिए चुना है। यह कृषि उन्नति मेला मथुरा के फरह में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय स्तर के मेले में डिजिटल तरीके से विभिन्न गतिविधियों को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश का चयन कर विभागीय टीम को भी आमंत्रित किया गया है जो प्रदेश मत्स्यिकी विभाग द्वारा किए जा रहे बेहतर कार्य को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि संबंधित टीम वरिष्ठ अधिकारी के नेतृत्व में बुधवार को मथुरा के लिए रवाना हो जाएगी और डिजिटल तरीके से मत्स्य पालन के साथ-साथ विभाग की विभिन्न गतिविधियों को प्रदर्शित करने का प्रयास करेगी। सतपाल मेहता के अनुसार ठंडे पानी में मत्स्य पालन के क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश ने देश के पहाड़ी राज्यों में अग्रणी भूमिका निभाते हुए जहां मॉडल राज्य का स्थान प्राप्त किया है, वहीं जलाशय मत्स्यिकी के क्षेत्र में बेहतर जलाशय प्रबंधन को अपनाते हुए देश भर में बड़े जलाशयों में 149.2 किलो प्रति हेक्टेयर मत्स्य उत्पादन करके नया कीर्तिमान भी स्थापित किया है। यही नहीं प्रदेश के पौंग जलाशय में पकड़ी गई मछली 250 रुपए प्रति किलो की दर से विक्रय की गई जिससे मछुआरों को सर्वाधिक मूल्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में निजी क्षेत्र में ट्राउट उत्पादन की दृष्टि से 675 ट्राउट इकाइयों का निर्माण करवाया गया है, जिसमें 315 ट्राउट उत्पादक लाभान्वित हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विभाग ने ऐसे सात प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जिसमें 1850 मत्स्य किसानों को प्रशिक्षित किया गया। खास बात यह है कि पहाड़ी राज्य हिमाचल ने देश भर में मत्स्यपालन क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं और यह राज्य पूरे देश में मत्स्यपालन क्षेत्र में अग्रणी बन गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App