‘हो बांकी चंद्रा याद राख गल मेरी’

By: Sep 17th, 2017 12:07 am

एसडीएम ईशा ठाकुर ने किया  सायरोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ

newsअर्की – अर्की के प्रसिद्ध सायरोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ एसडीएम अर्की ईशा ठाकुर ने किया। इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ स्टार कलाकार युवी ने दर्शकों का मनोरंजन करने का भरपूर प्रयास किया। अलग-अलग बालीवुड गाने ख्वाब भी तू नींद भी तू तथा अन्य गाने गाकर श्रोताओं को लुभाने का प्रयास किया। सांस्कृतिक संध्या में 13 वर्षीय मास्टर यशराज ने पहाड़ी गाने व नाटियां गाकर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने दोढू़ दोए चईए डुंगे नालुए डुंगे नालुए, हो बांकी चंद्रा याद राख गल मेरी आदि गाने गाकर कार्यक्रम का समां बांध दिया। इसके साथ ही जगदीश, राजीव शर्मा व मिस ज्योति ने पहाड़ी गीत सुना कर दर्शकों का मनोरंजन करने का प्रयास किया। इस अवसर पर नप अध्यक्षा सावित्री गुप्ता, प्रदेश बीस सूत्रीय कार्यान्वयन समीति के सदस्य सतीश कश्यप, व्यापार मंडल के प्रधान व पार्षद अनुज गुप्ता, संजय ठाकुर, मदन गर्ग, थाना प्रभारी हरी भगत नेगी आदि सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

किसानों ने कृषि उत्पाद किए प्रदर्शित

अर्की – अर्की सायरोत्सव के पहले दिन जिला सोलन मार्केट कमेटी के अध्यक्ष रमेश ठाकुर मुख्यातिथि थे। उन्होंने मां काली के मंदिर में पूजा-अर्चना कर मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उनके पीसीसी महासचिव संजय अवस्थी, प्रदेश संस्कृत अकादमी के सचिव डा.मस्तराम शर्मा, नप अध्यक्ष सावित्री गुप्ता, प्रदेश बीस सूत्री कार्यक्रम के सदस्य सतीश कश्यप, जिला परिषद सदस्य सुनीता गर्ग, निर्मला देवी, व्यापार मंडल अर्की के अध्यक्ष व पार्षद अनुज गुप्ता सहित नगर पंचायत के अन्य प्रतिनिधि व अन्य गणमान्य उपस्थित थे। पीसीसी सदस्य संजय अवस्थी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश सरकार ने आम जनमानस के लिए बहुत कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि अर्की क्षेत्र में भी वर्तमान प्रदेश सरकार के कार्यालय में अभूतपूर्व विकास हुआ है। बीस सूत्री कार्यक्रम के प्रदेश सदस्य सतीश कश्यप ने कहा कि सायरोत्सव का इतिहास सदियों पुराना है। इस अवसर पर स्कूली बच्चों व अन्य कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। इसके अलावा आंगनबाड़ी के नन्हें मुन्नों ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मेले में कृषि प्रदर्शनी, शिशु प्रदर्शनी व अन्य प्रदर्शनियों का भी आयोजन किया गया। कृषि प्रदर्शनी में किसानों ने अपने कृषि उत्पाद प्रदर्शित किए।

महिला पहलवानों ने दिखाया जोश

इसके पश्चात मुख्यातिथि ने मेले के पहले दिन के मुख्य आकर्षण महिला कुश्ती का रिबन काटकर उद्घाटन किया। महिला दंगल में प्रदेश व अन्य बाहरी राज्यों से आई महिला पहलवानों ने अपना जोश दिखाया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App