रामपुर में फूंका सीएम का पुतला
रामपुर बुशहर— भाजपा मंडल ने शनिवार को रामपुर में महिला महासम्मेलन का आयोजन किया। सम्मेलन की अध्यक्षता महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष इंदु गोस्वामी ने की। महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में महिलाएं डर के साये में जी रही हैं और कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। प्रदेश के आईजी रैंक के अधिकारी हिरासत में हैं, जो हिमाचल देवभूमि में काले अध्याय के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने मातृशक्ति से आह्वान किया कि आगामी चुनाव में महिलाएं जोर-शोर से भाजपा की जीत को सुनिश्चित करें और भारी मतों से भाजपा को विजयी बनाएं। सम्मेलन के बाद मोर्चा की महिलाआें और भाजपा कार्यकर्ताआें ने मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। महिला सम्मेलन में केंद्र सरकार द्वारा महिलाओं के हितों की रक्षा के लिए चलाई जा रही उज्ज्वला योजना, सुकन्या योजना, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और अन्य योजनाओं के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष शशिभूषण श्याम, श्याम लाल गुप्ता, अनिल चौहान, रामपुर महिला मोर्चा अध्यक्ष अनु पौंड, पन्ना देवी, रीता जोशी, रजनी शर्मा, एससी कश्यप, यशपाल चौहान सहित सैकड़ों महिलाएं उपस्थित रही।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App