आग से…चार लाख स्वाह

By: Oct 25th, 2017 12:05 am

हमीरपुर  —  हर्षोल्लास का पर्व दिवाली इस बार हमीरपुर को चार लाख के जख्म दे गई। दिवाली की रात आगजनी की दो घटनाएं हुई हैं। इसके साथ ही अगले दिन भी आगजनी की तीन बड़ी घटनाएं हुई हैं। आगजनी की पांच घटनाओं में चार लाख पांच हजार की संपत्ति स्वाह हो गई। आगजनी की घटनाओं में पशुशालाएं जलकर राख हो गईं, इसके साथ ही हजारों रुपए का घास व इमारती लकड़ी भी राख हो गई है। आगजनी की पांच घटनाओं में चार पर अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों ने काबू पाया है। एक आगजनी की घटना पर स्थानीय लोगों ने ही काबू पा लिया। दो दिनों तक अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों को काफी कसरत करनी पड़ी है। दिवाली के दिन शाम को जोलसप्पड़ में शाम 6:22 बजे रिखी राम की गोशाला में अचानक आग लग गई। गोशाला में रखे सूखे घास ने आग पकड़ ली। घास के साथ ही अंदर रखी इमारती लकड़ी भी जलकर राख हो गई। अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों व स्थानीय लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाया है। इस आगजनी में एक लाख रुपए का नुकसान हुआ है। इसी रात 7:15 बजे वेद प्रकाश निवासी वार्ड नंबर आठ हमीरपुर की गोशाला में आग लग गई। इसमें भी घास व इमारती लकड़ी जल गई है। इसमें संबंधित परिवार को 30 हजार का नुकसान हुआ है। दिवाली के अगले दिन डुग्घा पंचायत के पंजाली गांव में आगजनी की घटना हुई है। मान चंद की गोशाला में दोपहर के समय अचानक आग लग गई। इसमें संबंधित परिवार को डेढ़ लाख का नुकसान हुआ है। इसी दिन धमरोल गांव में भी आगजनी की घटना हुई है। गोशाला के ऊपरी कमरों के रखा घास व इमारती लकड़ी स्वाह हो गई। इसमें एक लाख रुपए का नुकसान हुआ है। रात करीब नौ बजे राकेश कुमार निवासी घुमारू की गोशाला की छत पर रखे घास में अचानक आग लग गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App