आज धूप, कल बारिश के आसार

By: Oct 22nd, 2017 12:15 am

मौसम विभाग का पूर्वानुमान, एक-दो स्थानों पर बरस सकते हैं बादल

शिमला  – हिमाचल प्रदेश में ठिठुरन बढ़ने लगी है। शनिवार को भी प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों के तापमान में गिरावट रिकार्ड की गई है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के तहत रविवार को राज्य भर मौसम साफ बना रहेगा यानी धूप खिली रहेगी।  विभाग द्वारा सोमवार को प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होने की संभावनाएं जताई जा रही हैं, जिससे राज्य में ठंड का प्रकोप और बढ़ सकता है। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान और शनिवार को दिन भर मौसम शुष्क बना रहा। मगर राज्य के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में दोपहर के समय बादलों के घिरने और ठंडी हवाओं के चलने से तापमान में गिरावट आंकी गई है। प्रदेश के ऊना व धर्मशाला को छोड़कर शेष हिमाचल के अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट रिकार्ड की गई है। प्रदेश के सोलन के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक 3.0 डिग्री की गिरावट आई है। सोलन का अधिकतम पारा 30.5 डिग्री से लुढ़क कर 27.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसके अलावा शिमला, भुंतर, कल्पा और नाहन के तापमान में भी 1.0 डिग्री तक की गिरावट आई है। प्रदेश में अधिकतम तापमान के साथ-साथ न्यूनतम तापमान में भी हल्की गिरावट आंकी गई है। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 23.1, सुंदरनगर में 31.2, भुंतर में 30.4, कल्पा में 19.6, धर्मशाला में 27.2, ऊना में 35.4, नाहन में 27.6, सोलन में 27.4 और कांगड़ा में 31.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि रविवार को राज्य भर में मौसम साफ बना रहेगा। 23 अक्तूबर को राज्य के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर बारिश होगी, जबकि राज्य में 24 से 27 अक्तूबर तक मौसम साफ बना रहेगा। इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी रहेगा। बहरहाल मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बारिश होने से प्रदेश के तापमान में और गिरावट होने के आसार हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App