इस बार प्रकाश चौधरी को बड़ा ओहदा

By: Oct 30th, 2017 12:10 am

नेरचौक —  बल्ह विधायक प्रकाश चौधरी के चुनाव प्रचार के लिए रविवार को भंगरोटू पहुंचे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि बल्ह विस का कांग्रेस ने अथाह विकास करवाया है। उन्होंने कहा कि प्रकाश चौधरी और बल्ह की जनता ने जो मांगा वह सब कुछ दिया गया है। इसलिए अब इस बार बल्ह की जनता को प्रकाश चौधरी को बडे़ अंतर से जिता कर विधानसभा में भेजना होगा। उन्होंने कहा कि प्रकाश चौधरी को इस बार मंत्रिमंडल में इससे भी बड़ी जिम्मेदारी सरकार देगी। उन्होंने कहा कि बल्ह विस के लिए सरकार ने एक नहीं, बल्कि कई सौगातें दी हैं। बल्ह को एसडीएम कार्यालय, रिवालसर को उपतहसील, नगर परिषद नेरचौक, नेरचौक मेडिकल कालेज, मेडिकल यूनिवर्सिटी नेरचौक, आईटीआई के अलावा कई अस्पताल और कई स्कूल दिए हैं। उन्होंने कहा कि बल्ह का विकास कांग्रेस सरकार ने ही करवाया है, जबकि भाजपा ने हमेशा यहां लोगों को जातिवाद व क्षेत्रवाद के रूप में बांटने की कोशिश की है, लेकिन जनता अब इसका जवाब इस बार भी देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार का बनना तय है और जनता कांग्रेस के साथ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कोई भी झूठा वादा और जुमला जनता को नहीं बदल सकता है। इस अवसर पर बल्ह से कांग्रेस प्रत्याशी एवं आबकारी मंत्री प्रकाश चौधरी, कांग्रेस अध्यक्ष दीपक शर्मा, इससे पहले विधायक प्रकाश चौधरी ने भारी जनसभा को संबोधित किया इस अवसर पर बल्ह कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अजय ठाकुर, जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, शशि शर्मा, महासचिव महेंद्र गुप्ता, बल्ह कांग्रेस महिला अध्यक्ष मोहनी राणा, एनएसयूआई के पूर्व अध्यक्ष रिपंल चौधरी और पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर व बल्ह कांग्रेस के पदाधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने याद किए बल्ह के पुराने साथी

भंगरोटू में आयोजित जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अपने पुराने साथियों को याद किया। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बल्ह के गांधी नाम से जाने वाले स्वर्गीय पीरू राम चौधरी, स्वतंत्रता सेनानी राणा अर्जुन सिंह नेरचौक, स्वर्गीय लाला धर्म चंद लूणापानी और स्वर्गीय कैप्टन दौलत सोयरा याद किया। उन्होंने कहा कि कई वर्ष पहले जब मैं यहां आता था तो हमेशा इन लोगों का कांग्रेस को बड़ा सहयोग मिलता था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App