उत्तराखंड में साफ की जाएंगी नदियां

By: Oct 1st, 2017 12:02 am

आज मुख्यमंत्री रावत हरिद्वार में नदी अभियान कार्यक्रम में होंगे शामिल

देहरादून  —  मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत रविवार पहली अक्तूबर को हरिद्वार में नदी अभियान के समर्थन में ईशा फाउंडेशन के संस्थापक सद्गुरु के साथ वीआईपी घाट में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने स्वयं ही राज्य में प्रत्येक जनपद में कम से कम एक नदी या प्रमुख जलाशय को पुनर्जीवित करने का बीड़ा उठा रखा है। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक जिलाधिकारी को जनपद में किसी प्रमुख नदी या जलाशय को पुनर्जीवित करने के लिए कार्ययोजना बनाने और उस पर निर्धारित समय सीमा के अंतर्गत काम करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्वंय देहरादून में रिस्पना नदी और सुसवा नदी को पुनर्जीवित करने का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री ने पिछले छह माह में सरकारी और गैर.सरकारी सभी स्तरों पर लोगों को नदियों के पुनर्जीवन और जल संरक्षण के लिए जागरूक करने हेतु व्यक्तिगत रुचि दिखाई है। विगत 25 मई से 30 जून 2017 को मुख्यमंत्री  त्रिवेंद्र की पहल पर प्रदेश में एक व्यापक जल संचय जल संरक्षण अभियान चलाया गया था, जिसके माध्यम से लोगों को प्रतिदिन लाखों लीटर पानी बचाने हेतु प्रेरित किया गया। इस अभियान के अंतर्गत 3837 चालखाल जलकुंड फार्म पौंड, 2186 चेक डैम, 84000 कन्टूर ट्रेंच एवं 381 रेनवाटर हारवेस्टिंग स्ट्रक्चर तैयार किए गए एवं कुल 34600 लाख लीटर जल संचय क्षमता में वृद्धि हुई। पौधारोपण को बढ़ावा देने के लिए राज्य में एक व्यक्ति एक वृक्ष अभियान चलाया गया है। सदगुरु द्वारा शुरू की गई नदी अभियान रैली जिसे तीन सितंबर को कोयंबटूर से केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री डा. हर्षवर्धन ने झंडा दिखाकर रवाना किया था, रविवार को हिमालय की तलहटी हरिद्वार पहुंचेगी। यह रैली अपनी यात्रा के आखिरी चरण में हैं। नदी अभियान रैली का समापन दिल्ली में होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App