करवाचौथ….चांद से मांगी चांद की सलामती

By: Oct 9th, 2017 12:08 am

रिज पर दीदार करने पहुंचीं हजारों सुहागिनें, पति की लंबी आयु की कामना

NEWSशिमला  – ऐतिहासिक रिज मैदान पर रविवार को चांद का दीदार हजारों सुहागिनों ने एक साथ चांद का दीदार कर अपना व्रत खोला। हजारों की संख्या में महिलाएं सज धजकर चांद का दीदार करने के लिए रिज पर एकत्रित हुईं। यूं तो कहीं पर भी चांद का दीदार हो सकता है, लेकिन फिर भी अधिकतर महिलाएं रिज पर ही चांद का दीदार करना ज्यादा पसंद करती है। राजधानी में सबसे पहले चांद रिज मैदान पर ही देखा जाता है। साथ ही रिज पर जिस दिशा से चांद निकलता है, वहां का दृश्य बेहद साफ और स्पष्ट है। इसलिए चांद भी जल्दी ही और साफ दिखता है। रविवार को रात 8ः40 समय पर रिज मैदान पर करवाचौथ के व्रत को तोड़ने के लिए सैकड़ों सुहागिनें रिज मैदान पर पहुंची। यहां पहुंचते ही पहले जहां फोटो सैशन का दौर भी खूब चला तो वही निगाहें आसमान में चांद को तलाशती हुई नजर आईं। चांद के निकलने के इंतजार को कम करने के लिए जोड़े सेल्फी रिज मैदान पर लेते रहे। जैसे ही नीले गगन में चांद के दीदार हुए वैसे ही रिज मैदान से स्कैंडल प्वाइंट पर खड़ी सुहागिनों ने चांद को अर्घ देकर, अपने पति परमेश्वर के हाथों से पानी पीकर व्रत तोड़ा। सुहागिनों ने सुबह तारों की छाव में उठकर पर्व की पहली रस्म सरगी के सेवन के साथ निभाई। महिलाओं ने सहेलियों के साथ दिन गुजारा।

बाजारों में भीड़

करवाचौथ पर बाजारों में भी दिन भर रौनक लगी रही। महिलाएं खरीददारी के लिए इस दिन पर भी बाजारों में पहुंची। वहीं, इस खास पर्व पर सुंदर दिखने की चाह में ब्यूटी पार्लर में भी दिन भर महिलाओं का रश लगा रहा।

शहर की गलियां, मंदिर भी सजे

शाम को महिलाओं ने छिपते सूरज के साथ ही करवा माता की पूजा की। इस दौरान शहर के मंदिरों को विशेष तौर पर सजाया गया था। इसके अलावा शहर का नजारा देखते ही बन रहा था। गलियों और नुक्कड़ों पर कतारों में जले दीप बेहद आकर्षक दिख रहे थे। इसके चलते पहाड़ों की रानी शिमला अलग ही रूप में नजर आ रही थी।

महिलाओं ने करवा बांट सुनी कथा

करवाचौथ पर अपने-अपने मोहल्ले में सभी सुहागिनों ने एक साथ एकत्रित होकर शाम के समय करवा बांटे और करवा गीत गाए तो वहीं करवाचौथ व्रत की कथा भी सुनी।

शोघी में दिन भर खरीददारी का दौर

शोघी— शोघी क्षेत्र में करवाचौथ त्योहार को लेकर खूब रौनक देखने को मिली। पिछले चार-पांच दिनों से यहां के बाजार में महिलाएं मनपसंद सामान, चूडि़यां, मेहंदी, बिंदियां, साडि़यां, सूट, ज्वेलरी की दुकानों पर सोने-चांदी आदि सजावट का सामान खरीदती दिखीं। ब्यूटी पार्लरों में भी काफी भीड़ करवाचौथ के त्योहार को लेकर थी। मिठाई की दुकानों में फेनियां, मठियां, मिठाई को लेकर भी काफी भीड़ थी। सुबह से महिलाओं ने अपने-अपने पतियों की लंबी आयु व अच्छे स्वास्थ्य के लिए व्रत रखे व रात को चांद के साथ पति का दीदार कर व्रत खोले। लड़कियों ने भी काफी संख्या में मनपसंद वर की कामना करते हुए व्रत रखे।

पर्यटक नहीं…फीके रह गए इंतजाम

शिमला में करवाचौथ पर सैलानियों की आवाजाही कम, धरी रह गईं तैयारियां

शिमला  – करवाचौथ के मौके पर पर्यटन कारोबारियों का धंधा चमकने की बजाय मंदा ही रहा। खासकर पर्यटकों के लिए यहां पर पर्यटन विकास निगम भी अपने होटलों में विशेष आयोजन करता था, लेकिन इस दफा उसकी तैयारियां भी धरी रह गईं। इस बार पर्यटन निगम के करवाचौथ का रंग फीका रहा। शिमला आने वाले पर्यटकों के लिए करवाचौथ खास बनाने के लिए पर्यटन निगम की ओर से अपने होटलों में खास इंतजाम किए गए थे, लेकिन पर्यटक न मिलने से ये सभी तैयारियां धरी की धरी रह गईं।  करवाचौथ पर पर्यटन विकास निगम के होटलों होलीडे होम, पीटर हाफ सहित अन्य होटलों में खास इंतजाम किए गए थे। इसमें पर्यटकों के लिए करवाचौथ की पूजा की थाली के साथ ही सरगी और व्रत के फलाहार का इंतजाम विशेष रूप से किया गया था। इसके अलावा रात की पूजा के साथ ही डिनर को भी खास बनाने की सारी तैयारियां पर्यटक निगम की ओर से की गई थीं, लेकिन इस बार होटलों में करवाचौथ मनाने वाले पर्यटक ही निगम को नहीं मिले। इस कारण करवाचौथ के स्पेशल मौके पर भी होटल व्यवसायियों का धंधा नहीं चल सका। अब व्यवसायियों को विंटर सीजन से ही उम्मीद है।

करवाचौथ के लिए पुलिस का कड़ा पहरा

शिमला— शिमला में करवाचौथ पुलिस के कड़े पहरे में मनाया गया। शिमला शहर में पुलिस ने करवाचौथ के लिए पुख्ता इंतजाम किए थे। रिज मैदान व मालरोड पर पुलिस का पहरा लगा रहा। वहीं, शहर के उपनगरों में भी पुलिस गश्त पर रही। रविवार को शिमला में करवाचौथ के लिए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। रिज मैदान पर करवाचौथ के व्रत पूजन के लिए सैकड़ों की तादाद में सुहागिनें पहुंची थीं। ऐेसे में यहां पर पुलिस की खास नजर बनी रही। स्कैंडल प्वाइंट और रिज मैदान पर पुलिस जवानों के अलावा महिला पुलिस भी मुस्तैद दिखी। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों से भी पुलिस निगरानी करती रही। वहीं, मालरोड पर कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से मालरोड व रिज मैदान पर नजर रखी गई। इसके अलावा शहर के उपनगरों में भी पुलिस निगरानी करती रही और शरारती तत्त्वों पर नजर रखी। राजधानी के विभिन्न इलाकों जाखू, संजौली, कुसुम्पटी, बीसीएस, बालूगंज, टूटू, छोटा शिमला, ढली जैसे इलाकों में भी करवाचौथ पर पुलिस गश्त पर रही।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App