कांग्रेस ने सिरमौर से किया भेदभाव

By: Oct 16th, 2017 12:07 am

नाहन – प्रदेश की जनता अब राज्य में भय, भ्रष्टाचार व प्रदेश हितैषी सरकार चाहती है। कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों से प्रदेश की जनता अब ऊब चुकी है। यह बात रविवार को कोलर में भाजयुमो द्वारा आयोजित कांग्रेस हटाओ सिरमौर बचाओ कार्यक्रम के तहत भाजपा के प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता एवं नाहन के विधायक डा. राजीव बिंदल ने कही। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला सिरमौर में कांग्रेस ने विकास के मामलों में भेदभाव किया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक प्रदेश में शासन करने वाली वीरभद्र सिंह सरकार ने जनता के दर्द और जरूरतों को सामने रखकर कार्य करते तो आज सिरमौर की स्थिति कुछ और ही होती। उन्होंने कहा कि सिरमौर के लोगों ने नौ नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के खिलाफ वोट डालने का मन बना लिया है। डा. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने वर्ष 2012 में 12 लाख बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देने का वादा किया था जो झूठा साबित हुआ। आज प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। राजीव बिंदल ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार ने अपने चहेते लोगों और कंपनियों को लाभ प्रदान करने के लिए हजारों आउटसोर्स कर्मचारियों का शोषण किया और उनका भविष्य दांव पर लगा दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App