कांग्रेस…बेइमानों की ही सरकार

By: Oct 31st, 2017 12:10 am

गगरेट  —  केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला है। विधानसभा क्षेत्र गगरेट के कलोह में भाजपा प्रत्याशी राजेश ठाकुर के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करने आए जेपी नड्डा ने कहा कि यह चुनाव हिमाचलियत को बचाने का चुनाव है। प्रदेश कांग्रेस सरकार का मुखिया पांच साल तक कचहरी के चक्कर काटने में व्यस्त रहा, लेकिन कांग्रेस हाइकमान महज इसलिए उसे हटाने की हिम्मत नहीं दिखा पाई क्योंकि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व उपाध्यक्ष राहुल गांधी भी जमानत पर चल रहे हैं। उन्होंने जनता का आह्वान किया कि यह चुनाव अगले पांच साल की तकदीर तय करेगा इसलिए यहां से भाजपा प्रत्याशी राजेश ठाकुर की जीत सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि जिस परिवार का मुखिया ही बेईमान हो वो परिवार टूटता ही है। प्रदेश में एक किशोरी की बलात्कार के बाद हत्या कर दी गई लेकिन आरोपियों को पकड़ने के बजाय सरकार के कारिंदे उन्हें बचाने में लगे रहे। फोरेस्ट गार्ड होशियार सिंह की हत्या के मामले में पुलिस की भूमिका संदिग्ध रही। ऐसी निकम्मी सरकार को सत्ता में आने का अधिकार ही नहीं है। केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश को 71 नेशनल हाई-वे दिए, लेकिन प्रदेश सरकार इनकी डीपीआर ही तैयार नहीं करवा पाई। उन्होंने जनता का आह्वान किया कि इस प्रदेश को बचाने के लिए भाजपा का सत्ता में आना जरूरी है और इसके लिए भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बना कर भेजें। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुशील कालिया, मंडल अध्यक्ष राम मूर्ति शर्मा, डा. श्याम वर्मा, पवन न बरदार, सुदेश ठाकुर, जिप सदस्य रमेश हीर, अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष संजीव संधू, शादी लाल गोस्वामी, भाजयुमो प्रदेश सचिव राजीव कालिया, एडवोकेट नरेंद्र परमार, प्रोमिला ठाकुर, लक्ष्मी जरियाल, महिला मोर्चा अध्यक्षा कुसुम लता, मंजू जरियाल, प्रदीप शर्मा, पूर्व मंत्री तीक्ष्ण सूद, संदेश डोगरा, उपाध्यक्ष नरेश शर्मा सहित भारी तादाद में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

जेपी नड्डा खुले दिल से कर गए तारीफ

केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा भाजपा प्रत्याशी राजेश ठाकुर की खुले दिल से तारीफ कर गए। उन्होंने कहा कि उन्होंने राजेश ठाकुर के साथ लंबे समय तक पार्टी का काम किया है। राजेश ठाकुर मेहनती व ईमानदार हैं। वह जनता के दुख-दर्द को समझते हैं और उनके विधायक बनने से क्षेत्र की भला होगा। उन्होंने कहा कि राजेश ठाकुर के विधायक बनने के बाद यहां फिर से कई बड़ी-बड़ी परियोजनाएं आ सकती हैं जो क्षेत्र के विकास के लिए सहायक सिद्ध होंगी।

राजेश बोले, भाजपा की जीत जनता की जीत

भाजपा प्रत्याशी राजेश ठाकुर ने कहा कि जितना प्यार उन्हें गगरेट क्षेत्र की जनता से मिला है उसके लिए वह पूरी उम्र जनता के आभारी रहेंगे। विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत जनता की जीत होगी और हर एक व्यक्ति विधायक होगा। उन्होंने कहा कि जनता के अपार जनसमर्थन से विरोधी भी कांप गए हैं और उन्हें अब भाड़े पर बाहर से लोग लाने पड़ रहे हैं। जो सोचते थे कि चुनावों में वे धनबल से जनता को खरीद लेंगे उन्हें गगरेट की जनता ने बता दिया है कि यहां की जनता बिकाऊ नहीं है। अगर वह विधायक बने तो लोहारली को चरुड़ू से जोड़ने के लिए पुल के निर्माण व गगरेट अस्पताल की दशा सुधारने के लिए हर संभव प्रयास होगा। उधर, भाजपा नेता सुशील कालिया ने भी अपील की कि माफिया राज से खात्मे के लिए इस बार राजेश ठाकुर के पक्ष में मतदान करें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App