खाद्य आपूर्ति निगम बेचेगा मिठाइयां

By: Oct 2nd, 2017 12:01 am

दिवाली पर होगी खूब कमाई, ड्राइफ्रूट्स-पटाखे भी सस्ते

शिमला — दिवाली पर अबकी बार खाद्य आपूर्ति निगम खूब कमाई करेगा। निगम अबकी बार भी मिठाइयां व ड्राइफ्रूट्स राशन डिपो के माध्यम से लोगों को बेचेगा। निगम अबकी बार जिला मुख्यालयों पर पटाखे भी उपलब्ध करवाएगा। जानकारी के अनुसार इस बार खाद्य आपूर्ति निगम दो बड़ी दूध डेयरियों की बनी मिठाइयां उपलब्ध करवाएगा। इन डेयरियों का देश में खूब नाम है और गुणवत्ता वाली कुकीज व कुछ अन्य मिठाइयों के लिए ये जानी जाती हैं। बताया जा रहा है कि पिछली बार भी निगम ने इन दोनों डेयरियों की मिठाइयां राशन डिपुओं के माध्यम से दिवाली के समय बेची थीं और इसके लिए लोगों का अच्छा रिस्पांस मिला था। पूर्ति निगम कर रहा है। अबकी बार भी दिवाली के लिए निगम ड्राइफू्रट्स भी बेचेगा। इस बार निगम दिवाली के दौरान 12-13 क्विंटल मिठाइयां व ड्राइफ्रूट्स राशन डिपुओं के माध्यम से बेचेगा। खाद्य आपूर्ति निगम के अधिकारियों की एक टीम ड्राइफ्रूट्स की दिल्ली से खरीद करेगी। यह खरीद टेंडर से होगी। ड्राइफ्रूट्स के ये पैक 400 ग्राम के होंगे। अबकी बार निगम ने एक और पहल सस्ते पटाखों को लेकर की है। अधिकारियों की मानें तो ये पटाखे बेहद सस्ती कीमत पर लोगों को दिए जाएंगे। इसके बदले में खाद्य आपूर्ति निगम इनसे दस फीसदी कमाई बतौर कमीशन वसूलेगा। लाहुल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर बाकी सभी जिला मुख्यालयों पर ये मिलेंगे। इसके लिए खाद्य आपूर्ति निगम के पास तीन बड़ी पटाखा निर्माता कंपनियां आई हैं। ये कंपनियां दक्षिणी भारत की हैं, जो कि कुछ दक्षिणी राज्यों में सरकारी दुकानों के माध्यम से पटाखे उपलब्ध करवाती रही हैं। ये पटाखे इन कंपनियों के स्टाल के माध्यम से बेचे जाएंगे और इसके लिए इनको संबंधित जिला प्रशासन से लाइसेंस और जगह उपलब्ध करवाई जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App