गगरेट में कबड्डी प्रतियोगिता का आगाज

By: Oct 14th, 2017 12:10 am

गगरेट  —  डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स के अंतर्गत प्रदेश में स्थित डीएवी स्कूलों की राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का डीएवी सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल अंबोटा में शुक्रवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। इस प्रतियोगिता के शुभारंभ पर एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया के पूर्व चेयरमैन एवं प्रमुख स्तंभकार प्रो. एनके सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर से नौ डीएवी स्कूलों की टीमें भाग ले रही हैं। प्रो. एनके सिंह ने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए यहां खेल स्टेडियम का निर्माण होना चाहिए, ताकि खेल प्रतिभाएं निखर सकें। प्रो. एनके सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य का पता होना चाहिए। शिक्षा हो या खेल इसमें उच्च स्थान पाने के लिए कड़ी मेहनत की जरूरत है। उन्होंने कहा कि वह नौकरी करते थे तो उन्हें जुनून था कि वह किसी मुकाम पर पहुंचे, इसके लिए उन्होंने पढ़ाई जारी रखी। आज उन्होंने देश ही नहीं बल्कि विदेशों के भी कई नामचीन मैनेजमेंट संस्थानों में विद्यार्थियों को पढ़ाया है। उन्होंने इस टूर्नामेंट में विजेता रहने वाली टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 1100 रुपए का नकद पुरस्कार देने का भी ऐलान किया। इससे पहले एलएमसी के वाइस चेयरमैन केसी कतना ने कहा कि बाल्यकाल व खेलों का गहरा रिश्ता है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला डीएवी शोघी व डीएवी वनखंडी कते बीच हुआ। इसमें शोघी की टीम ने 41-08 से जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश पा लिया। वहीं डीएवी देहरा ने डीएवी लठियाणी को 57-27 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश कर लिया। डीएवी नगरोटा सूरियां ने डीएवी घुमारवीं को 51-40 से हराकर अपना विजयी अभियान जारी रखा तो डीएवी अंबोटा ने डीएवी परवाणू को 57-11 में हराकर अगले दौर में प्रवेश पा लिया। शनिवार को डीएवी देहरा, डीएवी शोघी, डीएवी नगरोटा सूरियां व डीएवी अ बोटा में सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। इस अवसर पर एलएमसी सदस्य कर्नल जसवाल, डीएवी देहरा के प्रधानाचार्य राकेश शर्मा, नंबरदार मुरारी लाल भी उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App