जनता के नाम किया महिला मंडल का भवन

By: Oct 10th, 2017 12:05 am

शाहतलाई —  झंडूता मंडल भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। इसके मद्देनजर सोमवार को शाहतलाई में बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें विधायक रिखीराम कौंडल ने विशेष रूप से उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने शाहतलाई में महिला मंडल और सामुदायिक भवन का उद्घाटन करने के साथ ही कार्यकर्ताओं को चुनावी टिप्स देते हुए कहा कि वे बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए काम करें। साथ ही श्री कौंडल ने विधायक निधी से 11 हजार रुपए भी दिए। श्री कौंडल ने कहा कि हिमाचल में विस चुनावों की घोषणा कभी भी हो सकती है। लिहाजा कार्यकर्ताओं को चाहिए कि वे पूरे उत्साह के साथ फील्ड में मोर्चा संभाल लें। प्रदेश सरकार का पांच वर्ष का कार्यकाल निराशाजनक रहा है। इस अवधि में सरकार के संरक्षण में भ्रष्टाचार और माफिया राज का बोलबाला रहा। चाहे सीएम का भ्रष्टाचार व आय से अधिक संपत्ति मामले में संलिप्तता का मामला हो अथवा कोटखाई का बिटिया प्रकरण, इनसे देवभूमि शर्मसार हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे लोगों को सरकार की इन नाकामियों से अवगत कराएं। श्री कौंडल ने कहा कि केंद्र सरकार का साढ़े तीन वर्ष का कार्यकाल ऐतिहासिक व उपलब्धियों से भरा है। मोदी सरकार ने हिमाचल को दर्जनों एनएच दिए हैं। इनमें से तीन एनएच झंडूता विस क्षेत्र को मिले हैं। एनएच बनने से जहां क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे, वहीं रोजगार के साधन भी सृजित होंगे। इसी कड़ी में पीएम मोदी ने बिलासपुर को एम्स जैसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान की सौगात दी है। हिमाचल, विशेष रूप से बिलासपुर की दृष्टि से यह संस्थान मील का पत्थर साबित होगा। इस मौके पर आनंद शर्मा, लाला बृजलाल, बलदेव स्याल, रामी देवी, कमला सोनी, पंचम भारद्वाज, मनोज, नीरज कतना व पंकज बन्याल आदि भी मौजूद थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App