जुब्बल कोटखाई में नहीं टिक पाए भाजपा के पांव

By: Oct 21st, 2017 12:40 am

ठियोग— जिला शिमला की हॉट सीट जुब्बल कोटखाई भी इस बार सुर्खियों में है। यहां से 2012 में पूर्व बागबानी मंत्री नरेंद्र बरागटा को हराकर कांग्रेस टिकट पर चुनाव जीतकर आए रोहित ठाकुर सरकार में मुख्य संसदीय सचिव हैं। यह विधानसभा क्षेत्र इसलिए भी चर्चा में चल रहा है क्योंकि पिछले विधानसभा चुनाव में यहां पर भाजपा को काफी बड़ी हार का सामना करना पड़ा था। पुनर्सीमांकन के बाद रोहडू विधानसभा क्षेत्र से कटी नावर की करीब 11 पंचायतों को मिलाकर भौगोलिक दृष्टि से जुब्बल कोटखाई नावर नया विधानसभा क्षेत्र सामने आया है और 2012 को चुनाव भी इसी डीलिमिटेशन के आधार पर हुआ था। वैसे यहां पर 1952 में पहला विधानसभा चुनाव हुआ था, जिसमें कांग्रेस के प्रत्याशी बालानंद चौहान ने चुनाव जीता था। इसके बाद 1957 में ठाकुर रामलाल ने चुनाव लड़ा और कांग्रेस टिकट पर वह चुनाव जीते थे। वर्ष 1983 में यहां से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिहं ने भी चुनाव लड़ा था और 1990 तक वह यहां से विधायक रहे, जबकि इसके बाद 2002 तक फिर ठाकुर रामलाल ने जुब्बल कोटखाई से लगातार चुनाव जीते, लेकिन इस बीच उनकी मृत्यु हो गई। 2003 के विधानसभा चुनाव में उनके ठाकुर रामलाल के पोते व वर्तमान विधायक रोहित ठाकुर तथा नरेंद्र बरागटा के बीच चुनाव हुआ,जिसमें रोहित ठाकुर ने 6800 वोटों से चुनाव जीता था। इसके बाद 2007 में फिर विधानसभा चुनाव हुए जिसमें नरेंद्र बरागटा ने रोहित ठाकुर को 2800 वोटों से हरा दिया था। इसके बाद 2012 के विधानसभा चुनाव में रोहित ठाकुर ने पूर्व बागबानी मंत्री रहे नरेंद्र बरागटा को 9300 वोटों से हरा दिया था। जुब्बल कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में इस बार भी मुकबाला सीधे तौर पर कांग्रेस व भाजपा के बीच है। पिछले आंकड़ों पर गौर किया जाए तो इस विधानसभा क्षेत्र से 1952 के लेकर अब तक कांग्रेस ही जीतती आई है,मात्र एक बार 2007 में नरेंद्र बरागटा ने भाजपा की सीट जीती है। यानी भाजपा एक बार ही अभी तक चुनाव जीत पाई है। पिछले चुनाव में जीत का अंतर अधिक होने से इस क्षेत्र में भाजपा के लिए वापसी करना भी सबसे बड़ी चुनौती है। इस विधानसभा क्षेत्र का इतिहास एक बड़ा रोचक भी है कि यहां से एक बार मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह विधानसभा का चुनाव हार गए थे, उनका मुकाबला  ठाकुर रामलाल के साथ हुआ था जिसमें ठाकुर रामलाल चुनाव जीत गए थे। हालांकि वीरभद्र सिंह ने उस दौरान रोहडू व जुब्बल कोटखाई दो विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ा था, जिसमें वह रोहडू की सीट तो जीत गए थे लेकिन जुब्बल कोटखाई से वह चुनाव हार गए थे। सेब बाहुल क्षेत्र होने से यहां के लोग साधन संपन्न हैं, इसलिए यहां पर राजनीतिक रूप से माहौल गरमाया रहता है। पुनर्सीमांकन के बाद इस क्षेत्र में नए समीकरण उभर कर सामने आए हैं और इस बार इस विधानसभा क्षेत्र पर भी सबकी नजरें टिकी हुई हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App