दो महिला मंडलों को दिए 15-15 हजार रुपए

By: Oct 11th, 2017 12:05 am

सिहुंता – राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन कुलदीप सिंह पठानिया ने जनसंपर्क अभियान के तहत हटली और गोला पंचायतों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने लोगों की अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही निपटारा कर दिया। उन्होंने संबंधिता विभागों के अधिकारियों को पेंडिंग समस्याओं के जल्द निपटारे के आदेश भी दिए। कुलदीप सिंह पठानिया ने  हटली में दो महिला मंडलों को 15-15 हजार रुपए के चैक भी वितरित किए। कुलदीप सिंह पठानियां ने जनसमूह को संबोधित करते हुए स्थानीय विधायक पर ऐच्छिक निधि का गलत तरीके से इस्तेमाल करने के आरोप जड़ा। उन्होंने कहा कि विधायक को पता ही नहीं है कि किस योजना का पैसा कहां लगाना है और न ही उन्हें लोगों की मुश्किलों के बारे में कुछ पता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में भटियात हलके में अथाह विकास कार्य हुए हैं। भाजपा ने अपने कार्यकाल में भटियात की विकास के मामले में अनदेखी ही की है। भटियात में कालेज, नए शिक्षण संस्थान खुलवाना, सिहुंता को तहसील और ककीरा को उपतहसील का दर्जा दिलवाने का श्रेय कांग्रेस सरकार को जाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को राजनीतिक षड्यंत्र के तहत फंसाने में कोई कसर नही छोड़ी, लेकिन वे उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकी। उन्होंने कहा कि जनता सबसे बड़ी अदालत है जो आगामी चुनावों में भाजपा को इसकी करनी का मुंहतोड़ जवाब देगी। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष कृष्ण चंद चेला, महासचिव मनोज महाजन, प्रधान कुसमा देवी, पूर्व प्रधान सुमनलता, मुंशी राम, प्रकाश, पवन, दूलो राम, कैप्टन प्रभात, सरदार सिंह चंबियाल, हटली की प्रधान नीलम देवी, पूर्व प्रधान रीता देवी, स्वरूप सिंह, तथा हटली के यूथ क्लब के सदस्यों सहित इलाके के गणमान्य लोग मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App