धूमधाम से मनाया गया वाल्मीकि प्रकटोत्सव

By: Oct 6th, 2017 12:07 am

newsशिमला  – राजधानी शिमला में गुरुवार को भगवान वाल्मीकि प्रकटोत्सव की धूम रही। इस अवसर पर शहर के वाल्मीकी मंदिर के साथ ही शहर में कई तरह के आयोजन किए गए। वाल्मीकि सभा शिमला की ओर से भव्य कार्यक्रम कृष्णानगर स्थित वाल्मीकि मंदिर में किया गया। इस दौरान मंदिर में रूमाला अपर्ण दिवस का आयोजन किया गया। इसमें शामिल होकर सभी लोगों ने भगवान वाल्मीकि को रूमाला अपर्ण किया। यह आयोजन सुबह दस बजे से शाम छह बजे तक चला। इसके साथ ही भजन-कीर्तन का आयोजन भी मंदिर में किया गया।  इस कार्यक्रम के साथ ही रिज मैदान पर भी अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा ने रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। वाल्मीकि प्रकटोत्सव पर आयोजित कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने भी शिरकत की। सुबह साढ़े दस बजे के करीब मुख्यमंत्री कृष्णानगर स्थित वाल्मीकि मंदिर पहुंचे और यहां पहुंच कर माथा टेका। इस अवसर पर वाल्मीकि सभा शिमला द्वारा मुख्यमंत्री को तलवार और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री रिज मैदान पर आयोजित रक्तदान शिविर में भी पहुंचे और शिविर का शुभारंभ कर प्रदेशवासियों को वाल्मीकि प्रकटोत्सव की बधाई दी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App