धूमल का आशीर्वाद ले जंग में कूदे बलदेव

By: Oct 21st, 2017 12:05 am

बड़सर  —  भाजपा प्रत्याशी बलदेव शर्मा ने बड़सर विधानसभा क्षेत्र से शुक्रवार को अपना नोमिनेशन फाइल किया। इस दौरान बलदेव शर्मा ने भी संबोधन में एक-एक कर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस सरकार की रही नाकामियों को गिनवाया और जनता से समर्थन की अपील की। बलदेव शर्मा ने चिर-परिचित अंदाज में कहा कि जब भाजपा सरकार होती है और वह विधायक तब विकास कराने वाले संदूक की चाबी उनके ही पास रहती है। बकौल बलदेव शर्मा बड़सर की जनता को नकली फटों से निजात दिला कर विकास की गंगा फिर से क्षेत्र में बहाई जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल नोमिनेशन रैली में उपस्थित रहे, जिनका आशीर्वाद लेकर बलदेव शर्मा ने परचा भरा। प्रो. धूमल ने गारली चौक पर उपस्थित जन सैलाब को संबोधित करते हुए कहा कि गपौढ़संख कांग्रेस को जड़ से उखाड़ फेंकने का समय आ पहुंचा है। विगत पांच वर्षों में जो सरकार सत्ता के मजे लूटती रही और जिसके संरक्षण में प्रदेश का विकास तो नहीं हुआ, लेकिन माफिया राज भरपूर पनपा और फैला, जो सरकार पांच वर्ष सोई रही और अंतिम समय में झूठी घोषणाओं और शिलान्यास करने में लग गई, लेकिन प्रदेश की जनता समझदार है और कांग्रेस को उसके पांच सालों के किये का सबक सिखाने को तैयार बैठी है। प्रो. धूमल ने बड़सर के कार्यकर्त्ताओं का आह्वान किया है कि एक भी मतदाता छूटना नहीं चाहिए, तभी भारी जीत का लक्ष्य हासिल हो पाएगा। भाजपा जिला अध्यक्ष ने भी चुनावी रैली को संबोधन कर तीखे बाण कांग्रेस पर छोड़े और कहा जिस प्रदेश में कांग्रेस सरकार में बहु बेटियां सुरक्षित नहीं रहीं अब वह प्रदेश की जनता कांग्रेस से हिसाब चुकता करेगी। कानून व्यवस्था चरमराने की जिम्मेदार भी यही कांग्रेस है, जिसके राज में माफिया फैला है। बड़सर के विकास को ग्रहण लगाने में कांग्रेस ने कोई कसर नहीं छोड़ी। कांग्रेस की दमनकारी नीतियों से धोखा खाए हुए कांग्रेस के एक्स सर्विस मैन सेल के अध्यक्ष कैप्टन मोहनलाल ने भाजपा का दामन थामा और प्रो. धूमल से आशीर्वाद लेने पर बोले भाजपा ही पूर्व फौजियों की सच्ची हितैषी है, जिसने फौजियों को वन रैंक वन पेंशन लागू कर लाखों का फायदा पहुंचाया है। इस अवसर पर आदर्श कांत, कुलदीप ठाकुर, माया शर्मा, सुभाष बन्याल, श्याम ढटवालिया, राजेश शर्मा, सरला शर्मा, अजय रिंटू, जग सिंह ठाकुर, अभिषेक मनु, संजीव शर्मा, रवि कुमार, सुरेश ठाकुर, जगन्नाथ शर्मा, भागीरथ, प्रोमिला, सुनीता ठाकुर, सुषमा शर्मा, सावित्री देवी सहित दर्जनों पंचायतों के प्रधान-उपप्रधान एवं हजारों की संख्या में महिलाएं, युवा और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App