पगोग पंचायत में लगे पिंजरे

By: Oct 25th, 2017 12:05 am

शिमला  —  पगोग पंचायत में तेंदुए के बढ़ते हुए आतंक को देखते हुए वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे स्थापित कर दिए हैं। हालांकि अभी तक तेंदुआ पकड़ में नहीं आया है, मगर पिंजरे लगाने के बाद लोगों ने कुछ हद तक राहत अवश्य ली है। पगोग पंचायत के दो अलग-अलग स्थान पर तेंदुए के लोगों पर झपटने से और कई स्थानों पर तेंदुए को देखे जाने के बाद स्थानीय लोग दशहत में हैं। शाम के समय लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। लक्कड़ बाजार-पगोग मार्ग पर शाम के समय काफी संख्या में लोग पैदल घर पहुंचते हैं, लेकिन तेंदुए के आतंक के चलते लोगों को दहशत के साए में जीना पड़ रहा है। तेंदुए के आतंक के चलते लोग शाम के समय अकेले चलने में कतराने लगे हैं। पगोग पंचायत के उपप्रधान राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि पगोग में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरे लगा दिए गए हैं।

स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएं

लक्कड़ बाजार से पगोग पंचायत के पैदल मार्ग में शांकली से आगे सनाहन तक स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था नहीं है, जबकि सारा मार्ग जंगली क्षेत्र से घिरा है। लाइट की व्यवस्था न होने से हर दम जंगली जानवरों के हमले का भय बना रहता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से उक्त मार्ग पर स्ट्रीट लाइटें लगाने की मांग की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App