पर्यटन के दम पर टॉप-3 सुपर पावर में होगा भारत

By: Oct 24th, 2017 12:08 am

केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह को 2025-30 तक देश के लिए उम्मीद

नई दिल्ली— केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि देश में पर्यटन को बढ़ावा देने से सकल घरेलू उत्पाद में उसका योगदान दोगुना हो जाएगा और 2025-30 तक भारत दुनिया के तीन टॉप सुपर पावर में शामिल हो जाएगा। श्री सिंह ने सोमवार को राजपथ पर पर्यटन पर्व के तीन दिवसीय समापन समारोह का उद्घाटन करते हुए यह बात कही। पांच अक्तूबर से राजधानी के हुमायूं मकबरे से शुरू हुए इस पर्यटन पर्व का समापन 25 अक्तूबर को होगा और उसके मुख्य अतिथि वित्त मंत्री अरुण जेटली होंगे। यह पर्व पहली बार आयोजित हुआ है और देश भर में गत तीन सप्ताह से चल रहा है। उन्होंने कहा कि  भारत दुनिया में विविधता में एकता के लिए जाना जाता है और यहां जितनी विविधताएं हैं, उतनी दुनिया में कहीं नहीं हैं। खान-पान, वेशभूषा से लेकर भाषा और संस्कृति तथा परंपराओं की विविधता है और साथ में पर्यटन की भी आपर संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि हम अतिथि देवो भवः में विश्वास करते हैं और हम उनका सम्मान  करते हैं। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यस्था में पर्यटन का महत्त्वपूर्ण योगदान हो सकता है। मुझे पर्यटन राज्य मंत्री एल्फोंस कन्नानथनम ने बताया कि सकल घरेलू उत्पाद में पर्यटन का हिस्सा नौ प्रतिशत है और अब उन्होंने पांच वर्ष के भीतर इसे बढ़ाकर 18 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा  है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App